Driving Tips: तुरंत बाइक रोकने के लिए किस ब्रेक पर करें ज्यादा भरोसा, शायद नहीं जानते होंगे आप!

Driving Tips: आपने अक्सर देखा होगा कि कई लोग बाइक या स्कूटर चलाते हुए अचानक गिर जाते हैं, यहां तक कि अच्छी सड़क पर भी ऐसा हो सकता है। ऐसा अक्सर ब्रेक का सही तरीके से इस्तेमाल न करने के कारण होता है। गलत ब्रेकिंग आपके टू-व्हीलर के एक्सीडेंट का कारण बन सकती है। इसलिए, अगर आप बाइक या स्कूटर चलाते हैं तो ब्रेक लगाने के सही तरीकों को जानना बेहद जरूरी है।
बाइक में फ्रंट ब्रेक का महत्व
अक्सर लोग हर हाल में केवल रियर ब्रेक पर ही भरोसा करते हैं, जिससे उनकी बाइक समय पर रुक नहीं पाती और हादसे हो जाते हैं। बाइक को रोकने के लिए फ्रंट ब्रेक सबसे ज्यादा प्रभावी होता है क्योंकि ब्रेक लगाते ही आगे के पहिए पर अधिक दबाव पड़ता है। फ्रंट ब्रेक लगाने पर बाइक जल्दी रुकती है, जबकि रियर ब्रेक धीमे-धीमे स्पीड कम करता है।
70-30 के नियम को समझें
ब्रेक लगाते समय केवल रियर ब्रेक पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। ऐसा करने से बाइक समय पर नहीं रुकेगी और ब्रेक लॉक या फिसलने का खतरा बढ़ जाता है। बेहतर तरीका यह है कि आप ब्रेक लगाने पर फ्रंट ब्रेक पर 70% और रियर ब्रेक पर 30% दबाव दें। इससे ब्रेक लॉक होने और स्किडिंग का खतरा काफी कम हो जाता है और बाइक सुरक्षित रूप से रुकती है।
ध्यान रखने योग्य बातें
* किसी एक ब्रेक पर पूरी तरह निर्भर रहना खतरनाक हो सकता है।
* सीधे रास्ते पर बाइक रोकने के लिए फ्रंट ब्रेक का अधिक इस्तेमाल करें।
* घुमावदार रास्तों पर फ्रंट ब्रेक को ज़ोर से न दबाएं, पहले रियर ब्रेक लगाकर स्पीड कम करें और फिर फ्रंट ब्रेक से बाइक को रोकें।
* रेत या बजरी जैसी फिसलन वाली सतह पर तेज ब्रेकिंग करने से बचें क्योंकि इससे टायर स्किड कर सकता है।
इन सरल लेकिन महत्वपूर्ण नियमों को अपनाकर आप अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।
(मंजू कुमारी)
