BMW Logo: लग्जरी कार कंपनी ने अपडेट किया राउंडल लोगो, अब सभी कारों में होगा इस्तेमाल

बीएमडब्ल्यू ने राउंडल लोगो अपडेट किया
BMW Logo: लग्ज़री कार निर्माता BMW ने अपने आइकॉनिक राउंडल लोगो को चुपचाप अपडेट कर दिया है। कंपनी की ओर से इस बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। नया लोगो सबसे पहले सितंबर 2025 में BMW iX3 मॉडल पर देखा गया था। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरवरी से BMW इसे अपनी सभी कारों पर लागू करने की तैयारी में है।
बेहद मामूली लेकिन अहम बदलाव
BMW के नए लोगो में बदलाव पहली नज़र में पहचानना आसान नहीं है। रंग और टेक्सचर में किए गए छोटे बदलावों की वजह से इसे लंबे समय तक नजरों से दूर रखा गया। हालांकि, गौर से देखने पर इसमें कई दिलचस्प बदलाव सामने आते हैं।
क्रोम एलिमेंट्स में किया गया बदलाव
अपडेटेड लोगो में नीले और सफेद हिस्सों को अलग करने वाली हॉरिजॉन्टल और वर्टिकल क्रोम बार को हटा दिया गया है। इसके साथ ही, बचे हुए क्रोम को अब स्मोक्ड यानी हल्का धुंधला फिनिश दिया गया है, जो लोगो को पहले से ज्यादा मॉडर्न और प्रीमियम लुक देता है।
इसके अलावा, ‘BMW’ के अक्षरों को थोड़ा पतला किया गया है और काले हिस्से में अब ग्लॉसी की जगह सैटिन या मैट फिनिश देखने को मिलती है।
डिजाइन हेड ने क्या कहा?
BMW के डिजाइन हेड ओलिवर हीलमर ने ब्रांड के ब्लॉग में कहा, “हम BMW की विरासत को बनाए रखना चाहते थे, लेकिन लोगो को ज्यादा सटीक और आधुनिक बनाना भी जरूरी था। क्रोम अब भी मौजूद है, अक्षरों में घड़ी जैसा चमकदार पैटर्न जोड़ा गया है और सफेद हिस्सों को बाहरी रिंग के और करीब लाया गया है। लोगो देखने में फ्लैट है, लेकिन छूने पर उसमें उभार महसूस होता है।”
कहां-कहां होगा नए लोगो का इस्तेमाल?
नया राउंडल लोगो कुछ यूरोपीय डीलरशिप्स पर पहले से उपलब्ध है, हालांकि यह मौजूदा मॉडलों के डिजाइन से पूरी तरह मेल नहीं खा सकता। BMW ने पुष्टि की है कि यह लोगो कार के हुड पर लगाया जाएगा। हालांकि, ट्रंक, टेलगेट, व्हील सेंटर कैप और स्टीयरिंग व्हील पर इसके इस्तेमाल को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
M परफॉर्मेंस लोगो भी होगा अपडेट
BMW फरवरी से अपने M परफॉर्मेंस लोगो को भी नया रूप देने जा रही है। कंपनी ने अभी इसके बदलावों को लेकर कोई डिटेल शेयर नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि यह भी एक हल्का डिजाइन अपडेट होगा।
गौरतलब है कि BMW ने इससे पहले 2020 में नया लोगो पेश किया था, जो 1997 से चले आ रहे लोगो के साथ इस्तेमाल किया गया। वहीं, 2017 में ब्रांड ने अपने प्रीमियम मॉडलों के लिए ब्लैक-एंड-व्हाइट लोगो भी लॉन्च किया था।
(मंजू कुमारी)
