Jeep SUV: प्रैक्टिकल फीचर के साथ जीप मेरिडियन के 2 नए वेरिएंट लॉन्च, इतनी बढ़ी कीमतें

2026 Jeep Meridian महंगी हुई
Jeep SUV: जीप मेरिडियन (Jeep Meridian) प्रीमियम SUV खरीदने का मन बना रहे ग्राहकों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। कंपनी ने 2026 मॉडल ईयर Jeep Meridian को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। इस अपडेट के साथ SUV में एक उपयोगी नया फीचर जोड़ा गया है, लेकिन इसके साथ ही कुछ वेरिएंट्स की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। खासतौर पर Limited (O) और Overland वेरिएंट अब पहले से महंगे हो गए हैं।
कितनी बढ़ी कीमत?
2026 Jeep Meridian के Limited (O) और Overland वेरिएंट्स की कीमत में 1.27 लाख रुपये तक का इजाफा किया गया है। वहीं Longitude और Longitude Plus के ऑटोमैटिक वेरिएंट अब 30,000 रुपये महंगे हो गए हैं। अच्छी बात यह है कि इन दोनों वेरिएंट्स के मैनुअल मॉडल्स की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके अलावा Trail Edition की कीमत भी पहले जैसी ही रखी गई है।
2026 Jeep Meridian में नया क्या है?
इस अपडेट का सबसे बड़ा बदलाव Limited और Overland वेरिएंट्स में देखने को मिलता है। अब इनमें स्लाइडिंग सेकंड रो सीट्स दी गई हैं, जिससे थर्ड रो में बैठने वाले यात्रियों के लिए ज्यादा लेगरूम और बेहतर आराम मिलता है। साथ ही सीट के रिक्लाइन एंगल में भी हल्का सुधार किया गया है। Jeep का दावा है कि इससे थर्ड रो में एंट्री और एग्जिट पहले से ज्यादा आसान हो गई है, जो फैमिली यूज के लिहाज से काफी फायदेमंद है।
डिजाइन और फीचर्स
डिजाइन और फीचर्स के मामले में 2026 Jeep Meridian पहले जैसी ही है। इसमें 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस चार्जर, Alpine का 9-स्पीकर साउंड सिस्टम, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और पावर्ड टेलगेट जैसे प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं।
सेफ्टी और इंजन
सेफ्टी के लिए SUV में 6 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा, लेवल-2 ADAS, ट्रैक्शन कंट्रोल और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इंजन के तौर पर इसमें वही 2.0-लीटर डीजल इंजन मिलता है, जो 170 PS की पावर और 350 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। ट्रांसमिशन में 6-स्पीड मैनुअल और 9-स्पीड ऑटोमैटिक के साथ FWD और AWD ऑप्शन उपलब्ध हैं।
(मंजू कुमारी)
