Land Rover: डिफेंडर 110 ट्रॉफी एडिशन रिवील, ऑफ-रोडिंग लवर्स के लिए है बेहद खास मॉडल

Land Rover: लैंड रोवर ने अपने प्रतिष्ठित डिफेंडर का नया वेरिएंट डिफेंडर 110 ट्रॉफी एडिशन पेश कर दिया है। यह खास मॉडल जल्द ही गुडवुड फेस्टिवल ऑफ स्पीड में शोकेस होने वाला है और इसे कंपनी के ऐतिहासिक कैमल ट्रॉफी एडिशन को श्रद्धांजलि देने के रूप में तैयार किया गया है। इसके साथ ही लैंड रोवर ने टस्क ऑर्गेनाइजेशन की मदद से अफ्रीका में आयोजित होने वाली डिफेंडर ट्रॉफी प्रतियोगिता की भी शुरुआत की है।
डिज़ाइन और विशेषताएं
यह एडिशन दो आकर्षक कलर्स– डीप सैंडग्लो येलो और केसविक ग्रीन – में उपलब्ध होगा। बॉडी के कुछ हिस्सों जैसे बोनट, लोअर साइड और ब्रेक कैलीपर्स पर ब्लैक फिनिश दिया गया है, जिससे इसका लुक और अधिक दमदार लगता है। इसमें 20-इंच के ग्लॉस ब्लैक अलॉय व्हील्स, रग्ड ऑल-टेरेन टायर्स, 'ट्रॉफी' बैजिंग, डार्क रियर स्कफ प्लेट और एबोनी विंडसर लेदर सीट्स मिलती हैं। ऑफ-रोडिंग के लिए इसे रूफ रैक, रूफ लैडर, फ्रंट व रियर मडफ्लैप्स और स्नोर्कल (उठा हुआ एयर इनटेक) जैसी एक्सेसरीज़ से भी लैस किया जा सकता है।
Land Rover Defender इंजन विकल्प
- लैंड रोवर डिफेंडर 110 ट्रॉफी एडिशन को दो पावरट्रेन विकल्पों के साथ पेश किया गया है: इसमें 3.0-लीटर का 6-सिलेंडर ट्विन-टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन मिलता है, जो 355 बीएचपी की ताकत जनरेट करता है। यह एसयूवी मात्र 6.1 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।
- दूसरा विकल्प है 2.0-लीटर का 4-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन, जिसे प्लग-इन हाइब्रिड सिस्टम के साथ जोड़ा गया है। यह कॉम्बिनेशन कुल 305 बीएचपी की पावर देता है और SUV को 0 से 100 किमी/घंटा तक पहुंचने में 7.4 सेकंड लगते हैं।
कीमत और भारत में उपलब्धता
इस खास वेरिएंट की कीमत यूके में 89,810 यूरो (लगभग 1.04 करोड़ रुपए) से शुरू होती है। भारत में लैंड रोवर पहले से ही डिफेंडर के 90, 110 और 130 वेरिएंट की बिक्री कर रही है, जो कि 2.0L टर्बो पेट्रोल, 3.0L डीजल, 5.0L पेट्रोल V8 और 4.4L टर्बो पेट्रोल V8 इंजन ऑप्शन में उपलब्ध हैं। यहां कंपनी के स्पेशल एडिशन वेरिएंट जैसे डिफेंडर ऑक्टा (₹2.59 करोड़) और एडिशन वन (₹2.79 करोड़) भी बेचे जाते हैं।
(मंजू कुमारी)
