सागर में मर्डर के बाद सुसाइड: कहासुनी हुई तो पति ने पत्नी को कुल्हाड़ी से मौत के घाट उतारा, फिर खुद फंदा लगाकर दी जान

Sagar Crime News: सागर में हत्या के बाद आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। फिर खुद ने भी फंदा लगाकर जान दे दी। 

Updated On 2024-04-11 15:14:00 IST
MP Crime news

Sagar Crime News: घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद पति ने पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। मामला सागर के बंडा थाना क्षेत्र के बम्होरी खुर्द गांव का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

गांव वालों के शव देखे तो पुलिस को सूचना दी
पुलिस के मुताबिक, बम्होरी खुर्द में खेत में बने मकान में मंगल अहिरवार (38), पत्नी पूजा अहिरवार (31) के साथ रहता था। बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि पति ने कुल्हाड़ी मारकर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात करने के बाद पति ने घर के पास ही खेत में लगे पेड़ पर फंदा लगा लिया। गुरुवार को ग्रामीणों ने शव देखे तो पुलिस को सूचना दी।

खून से लथपथ मिला महिला का शव
ग्रामीणों की सूचना पर जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो घर की दहलान में खून से लथपथ अवस्था में महिला पूजा का शव पड़ा था। पूजा की गर्दन पर घाव था। मंगल का शव घर से कुछ दूरी पर लगे पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाया। एफएसएल टीम ने वारदात स्थल पर पहुंचकर वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दौरान खून लगी कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है।

15 दिन पहले दोनों दिल्ली से लौटे थे 
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मंगल अहिरवार पत्नी पूजा के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। 15 दिन पहले ही वह दिल्ली से वापस लौटकर गांव आया था। खेत में बने मकान में दोनों रहते थे। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पारिवारिक विवादों के चलते ही वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Similar News