CM मोहन यादव का बड़ा बयान: शिव के बिना शरीर शव के समान, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग कार्यक्रम में कही ये बात

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत और उसकी सनातन परंपराओं पर सदियों से आक्रमण होते रहे हैं। हजार साल पहले जिन लोगों ने हमारी आस्था और मंदिरों को तोड़ने का प्रयास किया, आज उनका कोई अस्तित्व नहीं है, लेकिन हमारी संस्कृति और श्रद्धा आज भी जीवित है।

Updated On 2026-01-04 14:54:00 IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक बड़ा और भावनात्मक बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि पंच तत्वों से बना मानव शरीर, यदि उसमें शिव तत्व स्थापित नहीं है, तो वह शव के समान है। मुख्यमंत्री यह बात भोपाल में आयोजित ‘सोमनाथ मंदिर का दर्शन: एक हजार साल बाद भोपाल में’ कार्यक्रम के दौरान कह रहे थे।

रविवार को भोपाल स्थित रविंद्र भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जब तक हमारे भीतर शिव का वास नहीं होता, तब तक जीवन अधूरा है। पंच तत्वों से बना शरीर, शिव के बिना केवल एक निष्क्रिय देह मात्र रह जाता है।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत और उसकी सनातन परंपराओं पर सदियों से आक्रमण होते रहे हैं। हजार साल पहले जिन लोगों ने हमारी आस्था और मंदिरों को तोड़ने का प्रयास किया, आज उनका कोई अस्तित्व नहीं है, लेकिन हमारी संस्कृति और श्रद्धा आज भी जीवित है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म ने कभी किसी को नुकसान पहुंचाने की सोच नहीं रखी, इसके बावजूद कायरता के दौर में मंदिरों को नष्ट करने की कोशिश की गई।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज हमारी धरोहर पहले से अधिक भव्य और सुंदर रूप में हमारे सामने है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि एक ओर श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं और दूसरी ओर महादेव विराजमान हैं। शिव हमें धैर्य, संयम और शक्ति प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि वे रुद्र पूजा में भी शामिल हुए और भगवान शिव से प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महादेव की कृपा हम सभी पर बनी रहे और हमारा समाज सदैव सनातन मूल्यों के साथ आगे बढ़ता रहे।

Tags:    

Similar News