भोपाल मेट्रो का बड़ा फैसला: सोमवार से सुबह नहीं चलेगी ट्रेन, जानिए नया टाइम-टेबल

भोपाल मेट्रो रेल प्रबंधन ने यात्रियों को झटका देते हुए मेट्रो के टाइम-टेबल में बड़ा बदलाव कर दिया है। नए शेड्यूल के अनुसार अब सोमवार से मेट्रो सेवा सुबह के समय पूरी तरह बंद रहेगी।

Updated On 2026-01-03 17:15:00 IST

भोपाल मेट्रो

यदि आप सोमवार से भोपाल मेट्रो ट्रेन में सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भोपाल मेट्रो रेल प्रबंधन ने यात्रियों को झटका देते हुए मेट्रो के टाइम-टेबल में बड़ा बदलाव कर दिया है। नए शेड्यूल के अनुसार अब सोमवार से मेट्रो सेवा सुबह के समय पूरी तरह बंद रहेगी।

देश की 26वीं और मध्यप्रदेश की दूसरी मेट्रो के रूप में शुरू हुई भोपाल मेट्रो को अभी महज 14 दिन ही हुए हैं और इतने कम समय में ही इसके संचालन समय में बड़ा परिवर्तन कर दिया गया है। मेट्रो प्रबंधन के अनुसार सोमवार, 5 जनवरी 2025 से मेट्रो ट्रेन दोपहर 12 बजे से पहले उपलब्ध नहीं होगी। नया टाइम-टेबल लागू होने के बाद मेट्रो दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 7:30 बजे तक ही चलेगी।

नए शेड्यूल में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि सुबह की पाली पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। इसका सीधा असर उन यात्रियों पर पड़ेगा जो रोजाना सुबह ऑफिस, कॉलेज या अन्य जरूरी कामों के लिए मेट्रो पर निर्भर थे। सुबह की सेवाएं बंद होने से अब यात्रियों को बस, ऑटो या निजी साधनों जैसे महंगे और असुविधाजनक विकल्पों का सहारा लेना पड़ेगा।

सिर्फ समय ही नहीं, बल्कि मेट्रो की फ्रीक्वेंसी में भी बड़ा बदलाव किया गया है। नए टाइम-टेबल के अनुसार अब यात्रियों को हर स्टेशन पर मेट्रो के लिए करीब 75 मिनट तक इंतजार करना पड़ सकता है। पूरे दिन में अब केवल 13 ट्रिप ही संचालित की जाएंगी, जिससे यात्रा और भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

इस फैसले का सबसे ज्यादा असर सुबह की शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारियों और कॉलेज-स्कूल के छात्रों पर पड़ने वाला है। यात्रियों को उम्मीद थी कि नई मेट्रो सेवा उनकी रोजमर्रा की यात्रा को आसान बनाएगी, लेकिन टाइम-टेबल में हुए इस बदलाव ने उनकी परेशानियां बढ़ा दी हैं।

Tags:    

Similar News