Delhi Flood: सिविल लाइन पहुंचे प्रवेश वर्मा, बोले- बाढ़ की खबरों को बढ़ा-चढ़ाकर न दिखाएं
दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश वर्मा ने आज सिविल लाइन का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ की खबरों को बढ़ा चढ़ाकर नहीं दिखाया जाना चाहिए।
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
दिल्ली में यमुना के किनारे स्थित इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। मयूर विहार फेज वन स्थित राहत शिविर में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। वहीं, सिविल लाइंस इलाके में भी बाढ़ जैसी स्थिति बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर भी सिविल लाइन में बाढ़ को लेकर कई वीडियो और फोटो वायरल हो रहे हैं। ऐसे में दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश वर्मा आज सुबह सिविल लाइन इलाके का दौरा करने पहुंच गए।
उन्होंने कहा कि मुझे सिविल लाइन एरिया का दौरा करना पड़ा। सुबह से ऐसी तस्वीरें देख रहा हूं कि यमुना पूरे दिल्ली में आ गई है। उन्होंने कहा कि आज हम जहां खड़े हैं, दायीं ओर रिंग रोड और बायीं ओर सिविल लाइन एरिया है। सिविल लाइन एरिया में पानी की एक भी बूंद नहीं है। रिंग रोड के साथ सर्विस रोड है, उसका लेवल रिंग रोड से 10 फीट नीचे हैं। पंपों की वजह से बारिश के पानी की निकासी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सिविल लाइन में एक हजार सड़कें होंगी, केवल एक गली और मंदिर को ही बार-बार दिखाया जा रहा है कि पूरा सिविल लाइन एरिया डूब गया है। ऐसा दिखाया जा रहा है, जैसे जहां भी देखों पानी ही पानी है। उन्होंने कहा कि यह लोगों के बीच पैनिक पैदा करता है। उन्होंने फिर से दोहराया कि सिविल लाइन एरिया नहीं डूबा है, केवल एक गली और मंदिर है, वहां से भी पानी की निकासी का कार्य शुरू कर दिया गया है।
'यमुना अपने दायरे में'
मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि रिंग रोड के एक हिस्से का बाजार और यहां रहने वाले सभी लोग अनाधिकृत तरीके से बसे हैं। इन कॉलोनियों और बाजार को मान्यता नहीं मिली है। ये सभी यमुना के डूब क्षेत्र में बने हैं। जब भी यमुना नदी उफान पर आती है, तो पानी स्वाभाविक रूप से उनके घरों में घुस जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसा कहना कि यमुना दिल्ली में प्रवेश कर गई है, पूरी तरह से भ्रामक है।
निगम बोध घाट का भी लेंगे जायजा
दिल्ली के निगम बोध घाट में भी डेढ़ फीट तक पानी जमा हो गया। इस कारण अंतिम संस्कार की क्रिया रूक गईं। प्रवेश वर्मा ने कहा कि अब निगम बोध घाट जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि जहां भी जलभराव है, वहां पंपों की सहायता से जलनिकासी की जा रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।