Delhi Flyover Repairing: दिल्ली में इन 2 फ्लाईओवर की होगी मरम्मत, PWD ने जारी किया टेंडर

Delhi Flyover Repairing: दिल्ली के लोक निर्माण विभाग ने दो फ्लाईओवर की मरम्मत के लिए टेंडर जारी किए हैं। PWD ने अभी 2 फ्लाईओवर के मरम्मत की योजना बनाई है, जिसमें राजा गार्डन और शादीपुर फ्लाईओवर शामिल हैं।

Updated On 2025-06-23 14:45:00 IST

दिल्ली के 2 फ्लाईओवर की होगी मरम्मत।

Delhi Flyover Repairing: राजधानी दिल्ली में लोक निर्माण विभाग (PWD) फ्लाईओवर की मरम्मत करवाने की योजना बनाई है। इसके तहत वेस्ट दिल्ली के राजा गार्डन फ्लाईओवर और शादीपुर फ्लाईओवर की मरम्मत कराई जाएगी, जिसके लिए PWD ने टेंडर भी जारी कर दिए हैं। बता दें कि राजा गार्डन फ्लाईओवर साल 2001 में खुला था, जबकि शादीपुर फ्लाईओवर 1971 में चालू किया गया था। इसके बाद से ही इन दोनों फ्लाईओवर की बड़े तौर पर मरम्मत नहीं करवाई गई है। इसके चलते यह फैसला लिया गया है।

दिल्ली का राजा गार्डन फ्लाईओवर, जो कि राजा गार्डन को मायापुरी से जोड़ता करता है। इसकी मरम्मत में लगभग 4.9 करोड़ रुपए खर्च हो सकते हैं। वहीं, शादीपुर फ्लाईओवर की मरम्मत में 3.9 करोड़ रुपए खर्च होने की संभावना है। शादीपुर फ्लाईओवर मोती नगर को शादीपुर से जोड़ता है।

कैसे होगी फ्लाईओवर की मरम्मत?
PWD के एक अधिकारी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत मुख्य संरचना में बिखरे और छिले हुए कंक्रीट की मरम्मत की जाएगी। इसके साथ ही स्लैब को आधार से जोड़ने वाले इलास्टोमेरिक बियरिंग को बदला जाएगा। इसके अलावा गर्डरों की मजबूत किया जाएगा और एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत की जाएगी।

बता दें कि तापमान में बदलाव होने की वजह से फ्लाईओवर में लगा कंक्रीट फैलता और सिकुड़ता है, जिससे उसमें दरारें पड़ जाती हैं। इसके लिए एक्सपेंशन ज्वाइंट लगाए जाते हैं। ये एक छोटा सा गैप होता है, जो कंक्रीट को फैलने और सिकुड़ने के लिए जगह देता है। एक्सपेंशन ज्वाइंट एक लोहे का जॉइंट होता है, जो कंक्रीट स्लैब के बीच लगाया जाता है। यह कंक्रीट को नुकसान से बचाता है और कंपन को कम करता है।

PWD अधिकारियों के मुताबिक, कंक्रीट की परत हटाने के बाद डेक की सतह पर बारीकी से जांच की जाएगी, जिससे दरारें, ढीले कंक्रीट के पॉकेट जैसी दिक्कतों के पता लगाया जा सकेगा।

मार्च में हुआ था सर्वे
बता दें कि इसी साल मार्च में दिल्ली सरकार ने शहर के सभी 102 फ्लाईओवरों का सर्वे करने का आदेश दिया था। साल 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों से पहले दशक में कई फ्लाईओवर बनाए गए थे, जिन्हें अब मरम्मत की जरूरत है। इसके लिए PWD ने 5 टीमों को तैनात किया था। जानकारी के मुताबिक, सरकार ने हाल ही में शहर में सड़कों और पुलों के सुधार के लिए बजट में 3,800 करोड़ रुपए से ज्यादा का आवंटन किया था।

इससे पहले पिछले दो सालों में कुछ फ्लाईओवर की अच्छे से मरम्मत की गई है। इनमें शाहदरा, नांगलोई, लोनी रोड, ओखला, चिराग दिल्ली, नई दिल्ली में जनक सेतु और पुल मिठाई शामिल हैं।

Tags:    

Similar News