Delhi Metro: मेट्रो में जेबकतरे की हुई 'खातिरदारी', युवक ने जमकर जड़े थप्पड़
Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो में एक युवक ने जेबकतरे को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी जमकर धुलाई की गई। उसे मेट्रो स्टेशन पर मौजूद स्टाफ के हवाले कर दिया गया। लोगों ने जेब कटने की घटनाओं को लेकर चिंता जताई हैं।
दिल्ली मेट्रो में जेबकतरा
Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो में चोरी और जेब कटना एक आम सी बात हो गई। आए दिन राजीव चौक, कश्मीरी गेट, चांदनी चौक जैसे तमाम मेट्रो स्टेशन पर लोग शिकार हो जाते हैं। दिल्ली के कश्मीरी गेट पर मेट्रो से एक वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें कहा जा रहा है कि एक शख्स कथित तौर पर जेब काट रहा था। इसी दौरान उसे एक युवक ने पकड़ लिया और जमकर खातिरदारी कर दी।
बता दें कि दिल्ली मेट्रो के अंदर एक युवक जेबकतरई करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। वो जिस युवक की जेब काट रहा था, उसने उसे पकड़ लिया औक जमकर पिटाई कर दी। युवक जेबकतरे से इतना क्रोधित होता है कि वो मेट्रो रुकने तक जेबकतरे को कई थप्पड़ जड़ देता है। इसके बाद मेट्रो रुकने पर वो उसे पीटते-पीटते बाहर ले आता है। इसके बाद उस जेबकतरे को सुरक्षा गार्ड के हवाले कर दिया जाता है।
इस घटना की किसी ने वीडियो बना ली और सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। वीडियो बनाने वाले ने युवक से पूछा कि इस आदमी को क्यों पीट रहे हैं। इस पर उसने बताया कि ये बंदा उसकी जेब में हाथ डाल रहा था। इसके बाद वो उसे पीटते-पीटते कोच से बाहर ले जाता है। इस वीडियो को घर का कलेश नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया गया है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया, 'दिल्ली मेट्रो में जेबकतरे और लड़के के बीच कलेश', बता दें कि इस वीडियो को अब तक 35 हजार से ज्यादा लोग देख चुके हैं। वहीं लोग जमकर कमेंट्स भी कर रहे हैं। एक यूजर ने कश्मीरी गेट को लूटपाट का हब बता दिया।
वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा 'दिल्ली मेट्रो में आपका स्वागत है, मेट्रो में सफर करने वाले लोगों को ऐसे जेबकतरों से सावधान रहने की जरूरत है। ये पलक झपकते ही आपका सामान चुरा लेते हैं। इस तरह की जेब काटने की घटनाएं मेट्रो में सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई हैं। हालांकि ये मेट्रो में एक आम बात हो गई है।'
एक अन्य यूजर ने कहा कि ये हर जगह हो रहा है। एक अन्य यूजर ने कहा कि इस तरह के क्लेश आपको केवल दिल्ली मेट्रो में ही देखने को मिल सकते हैं। एक अन्य यूजर ने लोगों को आगाह किया कि दिल्ली मेट्रो और बसों हर जगह ऐसी घटनाएं हो रही हैं। इसलिए सावधान रहें।