Delhi Flood: उफान पर यमुना... अभी भी डूबे हैं दिल्ली के कई इलाके, खतरा बरकरार

Delhi Flood: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर स्थिर हो गया है। इसके साथ जलस्तर में मामूली गिरावट भी देखने को मिल रही है। हालांकि इसके बावजूद कई इलाकों में अभी भी बाढ़ का पानी भरा हुआ है।

Updated On 2025-09-05 13:38:00 IST

दिल्ली के कई इलाके जलमग्न।

Delhi Flood Update: राजधानी दिल्ली में यमुना नदी उफान पर है, जिसके कारण कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। हालांकि इस बीच दिल्लीवासियों के लिए थोड़ी राहत की खबर सामने आई है। शुक्रवार सुबह 7 बजे पुराने लोहा पुल पर यमुना का जलस्तर 207.33 मीटर दर्ज किया गया, जबकि सुबह 6 बजे 207.35 मीटर दर्ज हुआ था। इससे पहले गुरुवार को यमुना नदी का जलस्तर 207.48 मीटर तक पहुंच गया था, जो इस मानसून सीजन का सबसे ऊंचा जलस्तर रहा। हालांकि अब यमुना नदी का जलस्तर स्थिर हो गया है।

साथ ही धीरे-धीरे जलस्तर में गिरावट भी आ रही है। इसके बावजूद यमुना बाजार, कश्मीरी गेट आईएसबीटी, सिविल लाइंस, वासुदेव घाट, मयूर विहार, उस्मानपुर, मोनेस्ट्री मार्केट समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। अगर इस बीच भारी बारिश होती है, तो हालात ज्यादा बिगड़ सकते हैं। इसके अलावा हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने पर भी हालात गंभीर हो सकते हैं।

निचले इलाके के लोगों को किया गया शिफ्ट

दिल्ली में यमुना ने 1 सितंबर की रात को खतरे का निशान पार किया था। अभी भी यमुना खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। इसके कारण बाढ़ की आशंका देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। अभी तक करीब 14,000 से ज्यादा लोगों को निचले इलाकों से निकाला गया है।

सिविल लाइंस इलाके में भरा पानी

यमुना का जलस्तर बढ़ने के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश भी रही है। इसके कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है। सिविल लाइंस के पास बेला रोड पर स्वामी नारायण मंदिर में पानी भर गया है। पूरा मंदिर जलमग्न हो गया है।

वहीं, सिविल लाइंस के मोनेस्ट्री मार्केट में यमुना के बाढ़ का पानी लबालब भरा हुआ है। पूरे मार्केट को खाली कर दिया गया है। बाढ़ के संभावित खतरे के मद्देनजर निचले इलाकों को खाली कराया जा रहा है। इसके लिए एनडीआरएफ की कई टीमें बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।

कैंप में भरा था पानी

बता दें कि दिल्ली में कई इलाकों में बाढ़ से पीड़ित परिवारों के रहने के लिए अस्थायी कैंप बनाए गए हैं। बुधवार को यमुना का जलस्तर बढ़ने इन राहत कैंपों में भी पानी भर गया। यमुना बाजार और मयूर विहार में कई राहत कैंप बाढ़ के पानी में डूब गए। वहां के लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया।

वजीराबाद पुल भी बंद

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण वजीराबाद रोड पर पुराने वजीराबाद पुल पर सूर घाट के पास नाले के पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। इसके कारण वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने वज़ीराबाद फ्लाईओवर के नीचे सूर घाट पर डायवर्जन प्वाइंट बनाया है। यहां से वाहनों को दूसरे रूट की ओर डायवर्ट किया गया है। वहीं, आउटर रिंग रोड पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News