International Yoga Day: सीएम रेखा गुप्ता ने यमुना तट पर किया योग, दिल्लीवासियों को दिया खास संदेश, देखें VIDEO
International Yoga Day 2025: इंटरनेशनल योग दिवस के अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने यमुना नदी के किनारे योग किया। इस दौरान उन्होंने यमुना नदी की सफाई की संकल्प लिया।
सीएम रेखा गुप्ता ने यमुना तट पर किया योग।
International Yoga Day 2025: आज पूरी दुनिया में इंटरनेशनल योग दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना नदी के किनारे योग किया। इस दौरान उनके साथ बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी और मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। सीएम रेखा गुप्ता शनिवार सुबह सोनिया विहार यमुना तट पर पहुंची, जहां पर वह नाव से यमुना के बीच में पहुंची। वहां पर सीएम रेखा गुप्ता ने योग के लिए बनाए गए डेक पर जाकर योग किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि इस स्थान का चयन इसलिए किया गया क्योंकि यमुना नदी की सफाई का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि यमुना नदी हमारे विश्वास का प्रतीक है, लेकिन पिछली सरकारों ने इसकी अनदेखी की। उन लोगों ने यमुना को साफ करने की कोशिश नहीं की। सीएम ने कहा, 'हमारी सरकार को सत्ता में आए 3 महीने हुए हैं और हमने सफाई का कार्य शुरू कर दिया है।
सीएम ने दिया दिल्लीवासियों को संदेश
योग दिवस के अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने वीडियो के जरिए दिल्लीवासियों को खास संदेश दिया। उन्होंने वीडियो में कहा, 'मैं आप सभी से एक आग्रह करना चाहती हूं, योग को केवल एक व्यायाम न मानें, इसे जीवन जीने की समग्र पद्धति मानें। योग केवल एक साधना नहीं, समग्र जीवन को स्वस्थ रखने का एक माध्यम है। सीएम रेखा गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा, 'योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ, यह एक बहुत ही प्रासंगिक विषय है, जिसके माध्यम से ना केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य, बल्कि प्रकृति का स्वास्थ्य भी हम मेंटेन कर सकते हैं।
सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद दिया और कहा कि भारत की इस ऐतिहासिक परंपरा को पीएम मोदी ने विश्व पटल पर पहचान दिलाई और 2014 में संयुक्त राष्ट्र में योग दिवस के रूप में 21 जून सभी विश्व के देशों ने अपनाया। उन्होंने कहा कि आज हम सभी मिल कर के दिल्ली को विश्व के मानचित्र पर योग नगरी के रूप में पहचान दिलाएं, और मिल कर इस उत्सव का आनन्द उठाएं।
दिल्ली में 11 जगहों पर मनाया जा रहा योग
बता दें कि दिल्ली में इस साल 11 अलग-अलग जगहों पर योग प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। सीएम रेखा गुप्ता ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज इंटरनेशनल योग दिवस पर राजधानी दिल्ली के 11 जगहों पर आयोजित भव्य योग उत्सव में जनता की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने यह साबित किया कि जब सरकार और समाज एक साथ चलते हैं, तो संस्कृति जन-जन का संकल्प बन जाती है।