Independence Day 2025: स्वतंत्रता दिवस को बनाएं यादगार, फैमिली संग घूमें दिल्ली की ये 5 बेस्ट जगह

यदि आप स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कहीं खास जगह घूमने का मन बना रहे हैं, तो आज हम आपको दिल्ली की 5 ऐसी जगह बताने जा रहे हैं, जो स्वतंत्रता दिवस को और भी खास बना देंगी।

Updated On 2025-08-15 08:00:00 IST

15 अगस्त दिल्ली घूमने की जगह

Independence Day 2025: हर साल का 15 अगस्त पूरे देशवासियों के लिए खुशी और उत्साह से भरा होता है। इस दिन भारत ब्रिटिश गुलामी से आजाद हुआ था। इस खुशी में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया जाता है। दिल्ली देश की राजधानी होने के कारण, इस दिन यहां का कोना-कोना देशभक्ति की रौनक में रंगा होता है। इस दिन सभी की छुट्टी भी होती है। ऐसे में बहुत से लोग घूमने जाने की भी प्लानिंग करते हैं। ऐसे में अगर आप भी अपने परिवार या दोस्तों के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करना चाहते हैं, तो स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली की इन खास जगहों का आनंद उठा सकते हैं। चलिए जानते है इन जगहों के बारे में...

इंडिया गेट

दिल्ली में स्थित इंडिया गेट एक फेवरेट टूरिस्ट प्लेस है। वैसे तो हर दिन यहां लोगों की खूब भीड़ जमा होती है परन्तु 15 अगस्त वाले दिन यह जगह आजादी की खुशबू से महक उठती है। स्वतंत्रता दिवस की शाम तो यह तिरंगा रंग की रंग-बिरंगी लाइटों से सजा होता है। यह नजारा मन मोहने वाला और हमेशा के लिए यादगार होता है। इस दिन थोडी भीड़ भी देखने को मिलती है किन्तु परिवार, दोस्तों और बच्चों के लिए अपने देश की विरासत को देखना एक गर्व का पल और खुशी का माहौल होता है।

राज घाट

यह दिल्ली में स्थित महात्मा गांधी को समर्पित प्रसिद्ध स्मारक है। 1948 में इस जगह को गांधी जी का स्मारक बनाया गया था, जो यमुना नदी के किनारे बना हुआ है। यहां काले संगमरमर के चबूतरे पर हे राम लिखा हुआ है। कहते हैं मरते समय ये गांधी जी के अंतिम शब्द थे। यहां पर एक शाश्वत ज्योति हमेशा चबूतरे के कोने पर जलती रहती है। राजघाट भीड़भाड़ से दूर एक शांत जगह है। स्वतंत्रता दिवस के दिन यहां का माहौल थोड़ा भावुक कर देने वाला होता है। अगर आप एकदम शांत जगह जाना चाहते हैं तो राजघाट एक बेहतर जगह है। यहां आकर आप हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को श्रद्धांजलि भी अर्पित कर सकते हैं।

रायसीना हिल्स

यह एक रिहायशी इलाका है, जहां पर कई सरकारी कार्यालय और मंत्रियों व सांसदों के भवन स्थित हैं। यहीं पर राजपथ, इंडिया गेट और राष्ट्रपति भवन मौजूद हैं। 15 अगस्त के दिन यहां पर खूबसूरत सजावट देखने को मिलती है। स्वतंत्रता दिवस पर यहां आपको प्रशासनिक ढांचे की भव्यता और देशभक्ति का संगम देखने को मिलता है। हालांकि इस दिन राष्ट्रपति भवन बंद रहता है लेकिन इसके बावजूद इस इलाके की रौनक लोगों का मन मोह लेती है।

राजीव चौक

राजीव चौक पर दिल्ली का दिल यानी कनॉट प्लेस है। इसे दिल्ली का मॉल रोड भी कहा जाता है, जिसे लंदन की तर्ज पर बनाया गया था। वैसे हर दिन ही यहां पर लोगों की खूब चहल-पहल रहती है, परन्तु यह जगह 15 अगस्त की शाम देखने लायक होती है। चारों तरफ तिरंगा रंगों की रोशनी चमकती नजर आती है। इस दिन यहां का माहौल आजादी के उत्सव में डूबा होता है। यहां पर आप परिवार, बच्चों और दोस्तों संग जा सकते हैं।

लाल किला

लाल किला भारतीय ऐतिहासिक स्मारक और स्वतंत्रता दिवस की पहचान है। इस दिन ही आजादी के रूप में लाल किले के लाहौरी गेट पर देश के पहले प्रधानमंत्री ने झंडा फहराया गया था। हर साल 15 अगस्त को लाल किले पर देश के प्रधानमंत्री झंडा फहराते हैं। 17वीं शताब्दी में लाल किले को शाहजहां ने बनवाया था। 15 अगस्त वाले दिन तो लाल किले की दीवार देश भक्ति के रंग में रंगी होती है और इसका कोना-कोना देश भक्ति गानों से गूंज रहा होता है। यहां जाकर आप एक अलग अनुभव महसूस कर सकते हैं।

Tags:    

Similar News