भाजपा का सदस्यता अभियान : पूरा साय मंत्रिमंडल, सांसद, विधायक, भाजपा के बड़े नेता भी जाएंगे बूथों तक

भाजपा का सदस्यता अभियान में सबसे बड़ी बात यह है कि, प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार के सभी मंत्री, विधायक, सांसद सहित प्रदेश भाजपा, जिलों के पदाधिकारी भी बूथों तक जाएंगे। 

Updated On 2024-08-27 11:14:00 IST
BJP office

रायपुर। भाजपा के सदस्यता अभियान का आगाज अगले माह से होगा। सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो सितंबर को सदस्यता लेंगे। इसके बाद अगले दिन से राज्यों में अभियान प्रारंभ होगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तीन सितंबर को सदस्यता लेंगे। इसी के साथ प्रदेश में सदस्यता अभियान प्रारंभ होगा। इस अभियान में सबसे बड़ी बात यह है कि प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार के सभी मंत्री, विधायक, सांसद सहित प्रदेश भाजपा, जिलों के पदाधिकारी भी बूथों तक जाएंगे। हर छोटे से बड़े नेता को बूथों तक जाकर अभियान में सहभागिता निभानी है। सभी नेता अपने-अपने हिसाब से समय देंगे। प्रदेश में 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य है।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने पहली बार बड़ा फैसला लेते हुए अपनी पुरानी 18 करोड़ सदस्यों की सदस्यता को रद्द करते हुए सभी को 2024 से नया सदस्य बनाने का फैसला किया है। इसके लिए पूरी योजना तैयार हो गई है। देश भर में पुराने सदस्यों के साथ नए दस करोड़ सदस्य भी बनाने हैं। इसके लिए सभी राज्यों को अलग-अलग लक्ष्य दिया गया है। यह लक्ष्य राष्ट्रीय संगठन ने नहीं दिया है, बल्कि राज्यों को खुद तय करने के लिए कहा है। राज्यों के छोटे-बड़े के हिसाब से सदस्यता तय की जा रही है। जहां एक तरफ छत्तीसगढ़ में पुराने और नए सदस्यों को मिलाकर 50 लाख का आंकड़ा पूरा करना है, वहीं पड़ोसी राज्य में मप्र में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य है।

पूरा फोकस बूथों पर

भाजपा का हमेशा से बूथों पर ही फोकस रहता है, चाहे वह चुनाव की बात हो या फिर सदस्यता अभियान की। इस बार सदस्यता अभियान के लिए भी बूथों पर पूरा फोकस है। बूथों में 6 सितंबर से अभियान प्रारंभ होना है। बूथों तक मुख्यमंत्री से लेकर प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक, प्रदेश के बड़े नेताओं को भी बूथों तक जाने के लिए राष्ट्रीय संगठन के निर्देश हैं। ऐसे में सभी से कहा गया है कि वे देख लें कि किनको कहां जाना है। इसके लिए कोई तिथि तय नहीं है, सभी अपने कार्यक्रमों के हिसाब से समय निकालकर जाएंगे।

जिलों का अभियान चार सितंबर से होगा प्रारंभ 

सांसदों को जहां 20-20 हजार सदस्य बनाने के लिए कहा गया है, वहीं विधायकों को दस- दस हजार सदस्य बनाने हैं। चाहे तो कोई इससे भी ज्यादा सदस्य बना सकते हैं। प्रदेश के मंत्रियों को भी विधायक होने के नाते दस-दस हजार सदस्य ही बनाने हैं। प्रदेश के मंत्रियों को जिलों में भी सदस्यता अभियान के प्रारंभ में जाने के लिए कहा गया है। जिलों का अभियान चार सितंबर से प्रारंभ होगा। इसके बाद पांच सितंबर को मंडलों और अंत में 6 सितंबर से लगातार बूथों में सदस्यता अभियान चलेगा। यह 25 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद फिर से 1 अक्टूबर से लेकर 31 अक्टूबर तक कार्यक्रम चलेगा।

 

Similar News