वन मंत्री केदार कश्यप पर मारपीट का आरोप: भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बोले - कांग्रेस उनकी लोकप्रियता से डर गई
सुकमा भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे ने कांग्रेस पर मंत्री की छवि खराब करने का आरोप लगाया और केदार कश्यप को बस्तर का जननायक बताया है।
जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे और वन मंत्री केदार कश्यप
लीलाधर राठी - सुकमा। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप पर सरकारी गेस्ट हाउस के कर्मचारी ने मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना को लेकर सुकमा भाजपा के जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, कांग्रेस छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय मंत्री बस्तर के जननायक केदार कश्यप के लोकप्रियता से डरने लगी है। इसलिए झूठ का सहारा लेकर केदार कश्यप के छवि को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने ने कहा कि, बस्तर के लोह पुरुष स्व बलिराम कश्यप ने बस्तर के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया है। बस्तर को पूरे देश में स्व.बलिराम कश्यप के कारण एक नई पहचान मिली उन्हीं के विरासत को बस्तर के माटी पुत्र केदार कश्यप संभाल रहे हैं।
सुकमा से लेकर नारायणपुर तक कई विकास कार्य हुए- जिला अध्यक्ष धनीराम
अध्यक्ष धनीराम बारसे आगे कहते हैं कि, पिछले 15 साल के कार्यकाल में केदार कश्यप के प्रयासों से बस्तर के हर क्षेत्र में विकास पहुंची उनके प्रयासों से सुकमा से लेकर नारायणपुर तक कई कार्य हुए हैं। पिछले 5 साल के कार्यकाल में कांग्रेस के मंत्रियों ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया, जिससे बस्तर की छवि बदनाम हुई। बस्तर के पूर्व मंत्री जेल में बैठे हैं।
राजधानी रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि, वन मंत्री केदार कश्यप पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस घटनाक्रम को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रही है। मंत्री केदार कश्यप के बंगले का कांग्रेसी कार्यकर्ता घेराव करेंगे। कार्यकर्ता बड़ी संख्या से घेराव के लिए निकले। जिसमें पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे समेत जिला कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद है।
भाजपा नेता ने इस आरोप का किया खंडन
बस्तर जिले में एक सरकारी गेस्ट हाउस के एक संविदा कर्मचारी ने राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया है, हालाँकि भाजपा नेता ने इस आरोप का खंडन किया है। इन आरोपों से राजनीतिक भूचाल आ गया है और विपक्षी कांग्रेस ने कश्यप को मंत्रिमंडल से हटाने और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत दर्ज कर जांच जारी- एसपी
इस पूरे मामले को लेकर बस्तर के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बताया कि, खितेन्द्र पांडे ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है और आगे की जांच जारी है।