छत्तीसगढ़ प्रवास पर गृह मंत्री अमित शाह: बस्तर दशहरा में होंगे शामिल, महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त करेंगे जारी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जगदलपुर में आयोजित बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार में शामिल होंगे। इस दौरान वे महतारी वंदन योजना की 20वीं क़िस्त भी जारी करेंगे।

Updated On 2025-10-04 09:28:00 IST

गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करते हुए सीएम साय

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक दिवसीय बस्तर प्रवास पर हैं। इस दौरान वे जगदलपुर में आयोजित बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार में शामिल होंगे। साथ ही महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं के बैंक खाते में 606 करोड़ 94 लाख रुपये की राशि अंतरित करेंगे। महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त की राशि का लाभ प्रदेश की 64 लाख 94 हजार 768 लाभार्थी महिलाओं को मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि, छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 से की थी। इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य 21 वर्ष से अधिक आयु की सभी विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे समाज में आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ जीवन यापन कर सकें।


सीधे बैंक खातों में किया जाता है ट्रांसफर
अब तक इस योजना के अंतर्गत 19 किस्तों में महिलाओं को कुल 12 हजार 376 करोड़ 19 लाख रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा कराई जा चुकी है। यह प्रक्रिया न केवल वित्तीय पारदर्शिता का उदाहरण है बल्कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम भी है।

महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त जारी करेंगे शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त की राशि 606 करोड़ 94 लाख रुपये के अंतरण करेंगे। जिसके बाद योजना का कुल वित्तीय आंकड़ा बढ़कर 12 हजार 983 करोड़ 13 लाख रुपये से अधिक हो जाएगा। यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़ सरकार की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि यह भी स्पष्ट करती है कि राज्य की लाखों महिलाएं इस योजना के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से आर्थिक लाभ प्राप्त कर रही हैं।

Tags:    

Similar News