सरगुजा में छात्र पर क्रूरता: बरसाए गए 13 डंडे, पैरों में खून जमने के निशान
स्कूलों में बच्चों के साथ हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। एक बार फिर शहर के बीच मौजूद स्कूल में मासूम बच्चे पर 13 डंडे बरसाने का मामला सामने आया है।
File Photo
अंबिकापुर। स्कूलों में बच्चों के साथ हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। एक बार फिर शहर के बीच मौजूद स्कूल में मासूम बच्चे पर 13 डंडे बरसाने का मामला सामने आया है। इस मामले की शिकायत परिजन ने जिला शिक्षा अधिकारी से की है जिसके बाद डीईओ ने तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन कर दिया है। जांच टीम के रिपोर्ट के बाद आगे के कार्रवाई की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि विजय चौधरी का 12 वर्षीय पुत्र शहर के प्रतापपुर रोड स्थित होली होम एकेडमी में कक्षा 6वीं में पढ़ाई करता है। छात्र 29 जनवरी को स्कूल गया हुआ था।
इस दौरान स्कूल में पढ़ाई को लेकर बच्चे के शरीर पर 13 डंडे बरसाए गए। जब बच्चा घर पहुंचा तो उसके पैर पर जगह-जगह निशान बने थे और खून जम गया था जिसके बाद परिजन छात्र को लेकर अस्पताल गए जहां बच्चे का उपचार कराया गया। इसके साथ ही छात्र के पिता ने घटना की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से की है जिसके बाद डीईओ दिनेश झा ने मामले में जांच के निर्देश दिए है। छात्र के पिता ने मारपीट जमे खून के निशान की तस्वीर और मेडिकल रिपोर्ट भी पेश की है।
तीन सदस्यीय समिति करेगी जांच
ऐसे में डीईओ ने शासकीय उमावि खलिबा की प्राचार्य मीना पुरोहित, शासकीय उमावि सरगवां के प्राचार्य संजीव कुमार सिंह व सकालो हाई स्कूल की प्राचार्य अनिता दान की तीन सदस्यीय जांच टीम बनाई है। डीईओ ने जांच टीम को तत्काल स्कूल जाकर और छात्र व परिजन से मिलकर जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
डीईओ दिनेश झा ने बताया कि, मारपीट की शिकायत की गई थी। इसकी जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।