9 अप्रैल से शुरू हो रही चैत्र नवरात्रि, जानें घट स्थापना का शुभ मुहूर्त, किस वाहन पर सवार होकर आ रही हैं मां दुर्गा

Chaitra Navratri 2024 : नवरात्रि के नौ दिनों में माता दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा अर्चना की जाती है। भारत वर्ष में नवरात्रि का त्योहार धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाता है। नवरात्रि के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है और इसी दिन कलश स्थापना भी की जाती है।

By :  Desk
Updated On 2024-03-28 21:28:00 IST
Chaitra Navratri 2024

Chaitra Navratri 2024 : सनातन धर्म में नवरात्रि के दिनों को बेहद शुभ माना जाता है। हिन्दू धर्म में नवरात्रि का त्योहार साल में चार बार मनाया जाता है इनमें से दो गुप्त नवरात्रि होती है और दो प्रकट नवरात्रि प्रकट नवरात्रि यानी चैत्र और आश्विन मास की नवरात्रि का विशेष महत्व होता है। भारत वर्ष में चैत्र नवरात्री को भी शरदीय नवरात्री की तरह धूमधाम से मनाया जाता है। नवरात्रि के नौ दिनों में भी माता दुर्गा की नौ रूपों की आराधना की जाती है। इस वर्ष 9 अप्रैल 2024, मंगलवार के दिन से चैत्र नवरात्रि की शुरूआत हो रही है। हिन्दू पंचांग के अनुसार चैत्र नवरात्रि 2024 में माता घोड़े पर सवार होकर आ रहीं हैं। तो चलिए जानते हैं प्रसिद्ध ज्योतिषी पंडित धर्मेंद्र दुबे से क्या होता है नवराते में मां की सवारी घोड़े का महत्व।

कब है चैत्र नवरात्रि 
इस वर्ष चैत्र नवरात्री की शुरुआत मंगलवार 9 अप्रैल 2024 से हो रही है। हिन्दू पंचांग के अनुसार चैत्र नवरात्रि की शुरुआत चैत्र शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होती है। इसी दिन से माता दुर्गा के 9 रूपों की आराधना शुरू हो जाएगी। नवरात्री के पहले दिन घटस्थपना का भी विशेष महत्व है। इस वर्ष घट स्थापना का शुभ मुहूर्त प्रातः 6:05 बजे से 10:16 बजे के बीच है। 

मां दुर्गा के घोड़े की सवारी के हैं ये खास संकेत
धार्मिक ग्रंथों के अनुसार माता दुर्गा का वाहन नवरात्री के प्रारम्भ होने वाले दिन पर निर्भर करता है। इस वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा मंगलवार, 9 अप्रैल 2024 पड़ रही है। ऐसे में हिन्दू पंचांग के अनुसार मां दुर्गा इस बार घोड़े पर सवार होकर आएंगी। ज्योतिष शास्त्र मानता है कि मां दुर्गा की घोड़े की सवारी समाज के लिए शुभ नहीं होती है। जब माता दुर्गा घोड़े पर सवार होकर आती हैं तो युद्ध के हालात बनने लगते हैं। साथ ही यह प्राकृतिक आपदा की ओर इशारा भी करती है।

(रुचि राजपूत)

Similar News