Sawan 2025: जानिए कब से शुरू हो रहा है सावन माह, कितने होंगे सोमवार और कब है हरियाली तीज?
Sawan 2025: सावन महीने की शुरुआत कब से होगी और कितने सोमवार होंगे। यहां जानें सभी जानकारियां।
Sawan 2025: हिंदू धर्म में सावन मास का विशेष महत्व है। यह महीना पूरी तरह से भगवान शिव को समर्पित होता है। पूरे महीने भक्तगण व्रत, जलाभिषेक और शिवलिंग की विशेष पूजा करते हैं। इस पवित्र महीने में सोमवार व्रत का धार्मिक दृष्टि से अत्यंत शुभ फल माना जाता है। इस बार सावन माह की शुरुआत 11 जुलाई 2025, शुक्रवार से हो रही है, जो 9 अगस्त 2025, शनिवार को समाप्त होगा। यानी कुल 30 दिन का सावन रहेगा। इस पूरे मास में चार सोमवार आएंगे, जो भगवान शिव की आराधना के लिए उत्तम माने जाते हैं।
सावन 2025 के चार सोमवार की तिथियां
- 14 जुलाई – पहला सोमवार
- 21 जुलाई – दूसरा सोमवार
- 28 जुलाई – तीसरा सोमवार
- 4 अगस्त – चौथा सोमवार
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इन चारों सोमवार को व्रत रखने और शिवलिंग पर जल चढ़ाने से विशेष पुण्यफल मिलता है। विशेष रूप से कुंवारी कन्याएं योग्य वर की कामना से और विवाहित महिलाएं अपने वैवाहिक जीवन की सुख-समृद्धि के लिए व्रत करती हैं।
हरियाली तीज
हरियाली तीज, सावन के शुभ अवसर पर आने वाला एक प्रमुख त्योहार है, जो 26 जुलाई 2025, शनिवार को मनाया जाएगा। यह पर्व विशेष रूप से सुहागन महिलाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दिन वे माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा करती हैं और अपने पति की दीर्घायु एवं सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना करती हैं। हरियाली तीज को लेकर मान्यता है कि इसी दिन माता पार्वती ने भगवान शिव को अपने तप और समर्पण से पति रूप में प्राप्त किया था। इसलिए यह दिन श्रृंगार, भक्ति और प्रेम का प्रतीक माना जाता है।
सावन का धार्मिक महत्व
सावन के महीने में शिवपुराण का पाठ, महामृत्युंजय जाप और रुद्राभिषेक करना अत्यंत शुभ होता है। इस मास में अनेक श्रद्धालु कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं और गंगा जल लाकर भगवान शिव का अभिषेक करते हैं। उपवास, संयम और भक्ति से किए गए कर्मों का फल इस महीने कई गुना बढ़ जाता है।