Jagannath Rath Yatra 2025: जगन्नाथ रथ यात्रा कब से होगी शुरू, जानें तिथि, महत्व और विशेषता

जगन्नाथ रथ यात्रा 2025 इस साल 27 जून से शुरू होगी और 5 जुलाई को समाप्त। जानिए रथों की विशेषता, तिथि, महत्व और पौराणिक मान्यता के बारे में।

Updated On 2025-06-16 21:21:00 IST

Jagannath Rath Yatra 2025: श्रद्धा, भक्ति और परंपरा का अनुपम संगम मानी जाने वाली जगन्नाथ रथ यात्रा इस वर्ष 27 जून 2025 से आरंभ होगी। यह पावन यात्रा भगवान जगन्नाथ, उनके भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पुरी नगरी में एकत्र होते हैं।

रथ यात्रा 2025: तिथि और समय
हिंदू पंचांग के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि इस वर्ष 26 जून दोपहर 1:24 बजे से प्रारंभ होकर 27 जून सुबह 11:19 बजे तक रहेगी। उदयातिथि के अनुसार, मुख्य रथ यात्रा का आयोजन 27 जून को होगा। यह यात्रा कुल 9 दिनों तक चलेगी और 5 जुलाई 2025 को सम्पन्न होगी।

रथ यात्रा का पौराणिक आधार
पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार देवी सुभद्रा ने पुरी नगर के दर्शन की इच्छा प्रकट की। तब भगवान जगन्नाथ और बलभद्र ने उन्हें रथ में बैठाकर नगर भ्रमण कराया। इसी घटना की स्मृति में हर वर्ष यह दिव्य यात्रा निकाली जाती है, जिसमें तीनों देव विग्रह अपने भव्य रथों पर विराजमान होकर मंदिर से मौसी मां के मंदिर (गुंडिचा मंदिर) तक जाते हैं।

तीनों रथों की खासियत

  • भगवान जगन्नाथ का रथ- नंदीघोष (चक्रध्वज): 16 पहियों वाला यह रथ 45 फीट ऊँचा होता है और इसका रंग लाल-पीला होता है।
  • बलभद्र का रथ- तालध्वज: यह रथ 14 पहियों का होता है और इसका रंग हरा-लाल होता है।
  • सुभद्रा का रथ- दर्पदलन: यह 12 पहियों वाला रथ काले और लाल रंग में सजाया जाता है।

इन रथों का निर्माण विशेष नीम की लकड़ी (दारु) से किया जाता है और आश्चर्यजनक रूप से इसमें किसी प्रकार के कील या धातु का उपयोग नहीं किया जाता। रथ निर्माण की परंपरा अक्षय तृतीया से शुरू होती है।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है। HariBhoomi.com इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Tags:    

Similar News