Gold Diamond River: इन नदियों में बहते हैं सोने-हीरे के टुकड़े!; जानें कौन-सी नदी इसमें शामिल

Gold Diamond River: नदियों में पानी तो बहता ही है, लेकिन देश-दुनिया में कुछ ऐसी नदियां भी हैं, जिनमें पानी की धारा के साथ सोने और हीरे के टुकड़े भी बहते हैं। ऐसी ही कुछ नदियों पर एक नजर

Updated On 2024-05-28 17:18:00 IST
इन नदियों में बहते हैं सोने-हीरे के टुकड़े!

Gold Diamond River: नदियों में पानी तो बहता ही है, लेकिन देश-दुनिया में कुछ ऐसी नदियां भी हैं, जिनमें पानी की धारा के साथ सोने और हीरे के टुकड़े भी बहते हैं। ऐसी ही कुछ नदियों पर एक नजर

स्वर्णरेखा नदी
झारखंड की राजधानी रांची से 16 किलोमीटर दूर नगड़ी गांव में रानी चुआं नामक स्थान (जिसे रत्नगर्भा भी कहा जाता है) से निकलने वाली स्वर्णरेखा नदी 474 किलोमीटर लंबी है। झारखंड, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा से होकर बहने वाली यह ऐसी अनोखी नदी है, जिसमें सोने के महीन टुकड़े बहते हैं।

60 से 80 चावल के दाने के बराबर के सोने के कण
हालांकि वैज्ञानिकों के लिए यह रहस्य का विषय है कि आखिर इस नदी में सोना आता कहां से है? लेकिन इसमें सदियों से सोना बह रहा है। शायद इसलिए इस नदी का नाम स्वर्णरेखा रखा गया है। आषाढ़, सावन और भादो जैसे मानसून में ऊफान वाले तीन महीनों को छोड़ दें तो बाकी के अधिकांश समय में आस-पास के इलाके में रहने वाले सैकड़ों लोग, इस नदी में अलग-अलग जगहों पर सोने की खोज में गोता लगाते रहते हैं। माना जाता है कि अगर आपकी किस्मत अच्छी है तो महीने में औसतन 60 से 80 चावल के दाने के बराबर के सोने के कण मिल सकते हैं, जो विशुद्ध 24 कैरेट सोने के होते हैं। 

बहुमूल्य रत्नों वाली अन्य नदियां
देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में और भी कई नदियां हैं, जिनमें सोना, हीरा, पन्ना जैसे बहुमूल्य रत्न बहते हैं, मसलन-मध्य प्रदेश में बहने वाली सोन नदी में सोने के कणों की तरह हीरे के कण बहते हुए मिल जाते हैं। इसी तरह आंध्र प्रदेश में बहने वाली कृष्णा नदी में भी अनेक लोगों को छोटे-छोटे हीरे मिल चुके हैं। 

अब अगर बात विदेशों में बहने वाली नदियों की करें तो अफ्रीकी देश बोत्सवाना में बहने वाली आरपेनेज नदी भी इसलिए प्रसिद्ध है। यहां भी कई बार लोगों को बहते हुए हीरे मिले हैं। कनाडा के डासन शहर से होकर बहने वाली क्लोंडायक नदी की तलछट में भी सोने के कण पाए जाते हैं। कई लोग यहां भी इन कणों को हासिल करने के लिए तलछट की खुदाई करते रहते हैं। 

ऑस्ट्रेलिया में बहने वाली फ्रीमेन नदी और अमेरिका में बहने वाली जोंस नदी भी ऐसी ही नदियों में शामिल हैं, जहां हीरे के टुकड़े बहते हुए मिल जाते हैं। अमेरिका की ही सैक्रामिंडो नदी के किनारों पे सोने की परत चढ़ी हुई है। 

इस तरह देखें तो अकेला भारत ही ऐसा देश नहीं है, जहां की कुछ नदियां सोना या हीरा लेकर बहती हैं, बल्कि दुनिया में ऐसी नदियों की संख्या दर्जनों में है, जहां पानी के साथ-साथ हीरा, सोना बहते हैं।

Similar News