विधायक सिंघार ने अजय सिंह के खिलाफ खोला मोर्चा, कहा, शराब माफिया को दे रहे हैं संरक्षण
धार जिले के विधायक उमंग सिंघार ने ताजा मोर्चा पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के खिलाफ खोला है।;

नेता प्रतिपक्ष रहते उन्होंने भाजपा के साथ सांठगांठ कर हमेशा कांग्रेस को कमजोर किया है। अब वे धार जिले में गुटबाजी को बढ़ावा देकर ऐसा कर रहे हैं। बता दें, अजय सिंह गुरुवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकुंद गौतम के आमंत्रण पर एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने धार गए थे। सिंघार का गौतम के साथ छत्तीस का आंकड़ा है। लिहाजा, अजय सिंह का गौतम के कार्यक्रम में पहुंचना सिंघार को नागवार गुजरा। विधायक उमंग सिंघार कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रहीं स्वर्गीय जमुना देवी के भतीजे हैं। धार जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकुंद गौतम शराब व्यवसायी हैं। गौतम को जमुना देवी ने भी कभी पसंद नहीं किया। अब जब अजय सिंह धार में आयोजित गौतम के कार्यक्रम में पहुंच गए तो उनके भतीजे सिंघार भी भड़क गए। उन्होंने कहा कि अजय सिंह अपना जिला तो संभाल नहीं पा रहे हैं, धार में पार्टी को क्या मजबूत करेंगे।
सिंघार का कहना था कि नेता प्रतिपक्ष रहते अजय सिंह ने भाजपा सरकार को कभी ढंग से नहीं घेरा। खनन तथा व्यापमं घोटाला तक मजबूती से नहीं उठाया गया। विधानसभा तथा लोकसभा चुनावों में पार्टी की दुर्गति होने के बाद यह पहला अवसर नहीं है जब किसी बड़े नेता के खिलाफ टिप्पणी की गई। सच यह है कि कांग्रेस में अनुशासनहीनता आम बात हो गई है। हाल ही में दो बार पार्टी के पूर्व सांसद गुफराने आजम ने सीधे पार्टी हाईकमान पर हमला बोला। सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी को ऐसी खरी-खोटी सुनार्इं कि वैसी भाषा भाजपा तक का कोई नेता नहीं बोल सकता। बावजूद इसके आजम के खिलाफ कार्रवाई तो दूर एक नोटिस तक जारी नहीं किया जा सका।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App