''केसरी’ में छपा जवाहरलाल नेहरू पर लेख, कांग्रेस ने जताई आपत्ति
लेख भाजपा की राज्य समिति के सदस्य बी गोपालकृष्णन ने लिखा है।;

तिरुवनंतपुरम. कांग्रेस की केरल इकाई ने ‘केसरी’ में प्रकाशित एक लेख को लेकर कड़ी आपत्ति जाहिर की है जिसमें भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को नीचा दिखाने की कोशिश की गई है। केरल प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव सूरानद राजशेखरन की ओर से इस बारे में कार्रवाई किए जाने की मांग पर राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्नीतला ने डीजीपी के एस बालसुब्रमण्यम से इस मुद्दे पर गौर करने तथा आवश्यक होने पर कार्रवाई करने को कहा है।
बहरहाल, साप्ताहिक पत्रिका के संपादक ने इस लेख का समर्थन करते हुए कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। लेख भाजपा की राज्य समिति के सदस्य बी गोपालकृष्णन ने लिखा है। इसमें कहा गया है कि वास्तव में नेहरू देश के विभाजन तथा गांधी की हत्या सहित अन्य त्रासदियों के लिए जिम्मेदार थे। इसमें यह भी कहा गया है कि नेहरू एक स्वार्थी नेता थे जिन्होंने देश के विभाजन के बारे में महत्वपूर्ण तथ्य गांधी से छिपाए थे और बातचीत के अंतिम दौर से उन्हें अलग रखा था। इस लेख पर कड़ी आपत्ति जताते हुए केरल प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष वीएम सुधीरन ने कहा कि यह संघ परिवार का इतिहास को तोड़मरोड़ कर पेश करने और नेहरू को अपमानित करने का एक और प्रयास है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App