LIVEIran War Day 30: खतरनाक मोड़ पर जंग, मिसाइल अलर्ट से दहशत; US ने 11,000 ठिकानों पर किया हमला

मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-इज़रायल संघर्ष अब 30वें दिन बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि खाड़ी देशों में लगातार मिसाइल अलर्ट बज रहे हैं और आम लोगों में दहशत का माहौल है। 

ईरान द्वारा नए हमले शुरू किए जाने के बाद संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत और बहरीन जैसे देशों को अपने एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय करने पड़े। कई जगहों पर मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही मार गिराया गया, जिससे तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी गई।

इस बीच अमेरिका ने भी मोर्चा संभालते हुए अपनी सैन्य ताकत को और बढ़ा दिया है। अमेरिकी वॉरशिप USS त्रिपोली करीब 3,500 सैनिकों के साथ मिडिल ईस्ट पहुंच चुका है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड का दावा है कि उसने ईरान में अब तक 11,000 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए हैं, जिससे इस संघर्ष के और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

इधर, इज़रायल ने भी आने वाली मिसाइलों की पुष्टि करते हुए आपातकालीन अलर्ट जारी कर दिए हैं। वहीं यमन के हूती विद्रोहियों ने भी हमलों की नई लहर शुरू कर दी है और ईरान व हिज़्बुल्लाह के साथ मिलकर कार्रवाई करने का दावा किया है। 

दूसरी ओर, इज़रायली सेना ने सीरिया के रास्ते लेबनान में घुसकर जमीनी सैन्य अभियान भी शुरू कर दिया है, जिससे क्षेत्र में बड़े युद्ध की आशंका और गहरा गई है।

टोक्यो: 'नो किंग्स डे' के अवसर पर ईरान में युद्ध का विरोध करते हुए और ट्रंप के खिलाफ नारेबाजी लगाते नजर आए।
 
CCTV फुटेज वायरल: ईरान युद्ध के पहले दिन दक्षिणी ईरान के शहर लामर्ड (Lamerd) में एक संभावित अमेरिकी प्रिसिजन स्ट्राइक मिसाइल (PrSM) ने रिहायशी इलाके और एक स्पोर्ट्स हॉल पर हमला किया। इस हमले में कम से कम 21 लोग मारे गए।

हालांकि इस बढ़ते तनाव के बीच कूटनीतिक प्रयास भी तेज हो गए हैं। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में सऊदी अरब, तुर्किये और मिस्र के विदेश मंत्रियों की अहम बैठक चल रही है, जहां युद्ध को खत्म करने के रास्ते तलाशे जा रहे हैं। 

पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की पेशकश भी की है और 15 सूत्रीय प्रस्ताव सौंपा है, जिस पर ईरान विचार कर रहा है।

कुल मिलाकर, जंग के 30वें दिन हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं। सैन्य कार्रवाई के साथ-साथ कूटनीतिक कोशिशें भी जारी हैं, लेकिन दुनिया की नजर अब इस बात पर टिकी है कि क्या यह संघर्ष यहीं थमेगा या फिर एक बड़े वैश्विक संकट में बदल जाएगा।

Israel-US vs Iran War LIVE Updates | Day30 

15:59 PM(2 hours ago )

ईरान ने युद्ध नहीं शुरू किया, फिर भी भारी नुकसान झेला: सरकारी प्रवक्ता

Posted by: दिलीप चतुर्वेदी, 29 Mar 2026, 03:59 PM IST

ईरानी सरकारी प्रवक्ता फातिमा मोहजेरानी ने कहा कि ईरान ने मौजूदा संघर्ष की शुरुआत नहीं की, लेकिन उसे काफी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इसमें आम नागरिकों की मौतें, घरों और बुनियादी ढांचे को पहुंचा नुकसान शामिल है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी भविष्य की बातचीत में मुआवजा, होरमुज़ जलडमरूमध्य पर ईरान का नियंत्रण और सभी प्रतिबंध हटाने जैसे मुद्दों को शामिल किया जाना चाहिए।

15:57 PM(2 hours ago )

मध्य-पूर्व: कूटनीति जारी, तनाव बरकरार

Posted by: दिलीप चतुर्वेदी, 29 Mar 2026, 03:57 PM IST

मध्य-पूर्व में जारी अमेरिका-ईरान टकराव के बीच कूटनीतिक कोशिशें तेज हैं, लेकिन हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस्लामाबाद में मिस्र, तुर्की और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों की बैठक में युद्ध खत्म करने के लिए रास्ता निकालने की कोशिश की गई, हालांकि कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया।

अमेरिका की ओर से पाकिस्तान के जरिए भेजे गए 15 सूत्रीय प्रस्ताव को ईरान पहले ही खारिज कर चुका है। वहीं, ईरान ने भी अपना 5 सूत्रीय प्रस्ताव तैयार किया है, जिसमें हमले रोकने, भविष्य की सुरक्षा गारंटी और होरमुज़ जलडमरूमध्य पर नियंत्रण जैसे मुद्दे शामिल हैं।

इधर सैन्य गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। अमेरिका ने क्षेत्र में अतिरिक्त मरीन और पैराट्रूपर्स तैनात किए हैं, जबकि ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने पहली बार सीधे युद्ध में उतरते हुए इज़रायल के सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले किए हैं।

अमेरिका का कहना है कि वह बिना जमीनी सेना उतारे भी अपने लक्ष्य हासिल कर सकता है, लेकिन इस युद्ध को लेकर घरेलू स्तर पर विरोध बढ़ता जा रहा है। कुल मिलाकर, बातचीत और हमलों के बीच फंसा यह संघर्ष फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है।