<LIVEUS–Israel vs Iran War: बगदाद में US Embassy पर ड्रोन-रॉकेट हमला, दुबई में धमाके; खाड़ी देशों में हाई अलर्ट

US–Israel vs Iran War: बगदाद में US Embassy पर ड्रोन-रॉकेट हमला, दुबई में धमाके; खाड़ी देशों में हाई अलर्ट

मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इज़रायल और ईरान के बीच जारी युद्ध अब 18वें दिन में पहुंच गया है और तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इराक की राजधानी बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन और रॉकेट से हमला किया गया है। वहीं दुबई, दोहा और अबू धाबी जैसे शहरों में मिसाइल और ड्रोन अलर्ट के बीच कई धमाकों की खबरें सामने आई हैं।

इसी बीच इज़राइल ने दावा किया है कि उसने ईरान की राजधानी तेहरान में बड़े पैमाने पर एयरस्ट्राइक की है। दूसरी ओर इस संकट के बीच भारत के लिए राहत की खबर भी है- होर्मुज़ जलडमरूमध्य पार कर तेल और गैस लेकर आ रहे भारतीय जहाज देश के बंदरगाहों पर पहुंच रहे हैं।

जापान-आस्ट्रेलिया ने होर्मुज में वॉरशिप भेजने से किया इनकार , ट्रम्प ने मांगी थी मदद 

Israel-US vs Iran War LIVE Updates | Day 18

17:49 PM(37 minutes ago )

नेतन्याहू ने  ईरानी अधिकारियों को खत्म करने का दिया आदेश

Posted by: Dilip Chaturvedi, 17 Mar 2026, 05:49 PM IST

इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने मंगलवार को एक तस्वीर जारी की, जिसमें वे फोन पर बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। पोस्ट के कैप्शन में दावा किया गया कि नेतन्याहू ने ईरानी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को खत्म करने का आदेश दिया है।

यह पोस्ट सोशल मीडिया पर नेतन्याहू की मौत से जुड़ी अफवाहों के बीच सामने आया है। इससे पहले नेतन्याहू ने एक वीडियो जारी कर इन अफवाहों को खारिज किया था।

इसी दौरान इज़राइल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने दावा किया कि ईरान की नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारीजानी एक एयरस्ट्राइक में मारे गए हैं, हालांकि इस दावे की ईरानी अधिकारियों ने अभी तक पुष्टि नहीं की है।

14:54 PM(4 hours ago )

इज़राइल का दावा: ईरान के शीर्ष अधिकारी अली लारीजानी को एयरस्ट्राइक में बनाया निशाना

Posted by: Dilip Chaturvedi, 17 Mar 2026, 02:54 PM IST

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच इज़राइल ने बड़ा दावा किया है। इज़राइली अधिकारियों के अनुसार, रात भर चले हवाई हमलों में ईरान के शीर्ष नेता अली लारीजानी को निशाना बनाया गया। बताया जा रहा है कि हमला ईरान के भीतर एक विशेष ठिकाने पर किया गया, जहां लारीजानी मौजूद हो सकते थे। हालांकि इस हमले में उनके मारे जाने या घायल होने की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Ali Larijani

इज़राइली मीडिया के मुताबिक उनकी स्थिति को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं ईरान की ओर से भी इस दावे पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। अली लारीजानी ईरान की राजनीति के बेहद प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। वे देश की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव हैं और पहले ईरानी संसद के स्पीकर भी रह चुके हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार मौजूदा युद्ध के दौरान लारीजानी ईरान की सुरक्षा और रणनीतिक फैसलों में अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उन्हें निशाना बनाए जाने का दावा क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा सकता है।

14:21 PM(4 hours ago )

मध्य-पूर्व संकट के बीच Air India की बड़ी घोषणा, यूरोप-कनाडा के लिए 36 अतिरिक्त उड़ानें

Posted by: Dilip Chaturvedi, 17 Mar 2026, 02:21 PM IST

पश्चिम एशिया में जारी संकट और हवाई मार्गों में आई बाधाओं के बीच एयर इंडिया ने यात्रियों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने यूरोप और कनाडा के लिए 36 अतिरिक्त उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है।

ये विशेष उड़ानें 19 से 28 मार्च 2026 के बीच चलाई जाएंगी। इनमें दिल्ली-लंदन, मुंबई-लंदन, दिल्ली-फ्रैंकफर्ट, दिल्ली-ज्यूरिख और दिल्ली-टोरंटो जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय रूट शामिल हैं।

एयर इंडिया के अनुसार इन अतिरिक्त उड़ानों से यात्रियों के लिए 10,000 से ज्यादा सीटें उपलब्ध होंगी। इससे पश्चिम एशिया क्षेत्र में प्रभावित यात्रियों को यात्रा के लिए बेहतर विकल्प मिल सकेगा।

इससे पहले भी एयर इंडिया 10 से 18 मार्च के बीच 9 मार्गों पर 78 अतिरिक्त उड़ानें संचालित कर चुकी है। एयरलाइन का कहना है कि बढ़ती अंतरराष्ट्रीय मांग को देखते हुए यात्रियों को सुरक्षित और वैकल्पिक यात्रा सुविधा देने के लिए यह कदम उठाया गया है।

14:17 PM(4 hours ago )

लेबनान में इज़राइली एयरस्ट्राइक, 5 सैनिक घायल

Posted by: Dilip Chaturvedi, 17 Mar 2026, 02:17 PM IST

मध्य-पूर्व में तनाव के बीच मंगलवार को इज़राइल ने दक्षिणी लेबनान में हवाई हमला किया। यह हमला नबातिया जिले के क़ाक़ाइयात अल-जिस्र कस्बे में किया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक इज़राइली ड्रोन या एयरस्ट्राइक ने एक कार और एक मोटरसाइकिल को निशाना बनाया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

लेबनानी सेना ने पुष्टि की है कि इस हमले में उनके 5 सैनिक घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मध्य-पूर्व में जारी तनाव के बीच इस हमले को लेकर स्थिति और संवेदनशील हो गई है। स्थानीय प्रशासन और सेना इलाके की निगरानी कर रही है।

13:06 PM(5 hours ago )

ईरान ने अमेरिका से कहा- जंग का फैसला सोशल मीडिया नहीं, मैदान में होगा

Posted by: Vipin Tiwari, 17 Mar 2026, 01:06 PM IST

ईरान की सेना के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फघारी ने अमेरिका के ट्रम्प को संबोधित करते हुए कहा है कि युद्ध का अंत सोशल मीडिया से नहीं, बल्कि युद्ध के मैदान में तय होगा।

ईरान के अन्य सैन्य अधिकारियों ने भी कहा कि युद्ध कब खत्म होगा और कितना लंबा चलेगा, यह फैसला ईरान करेगा, अमेरिका नहीं। उन्होंने कहा, “आपने इसे शुरू किया है, हम इसे खत्म करेंगे।”

12:09 PM(6 hours ago )

होर्मुज़ में नौसेना भी सुरक्षा की गारंटी नहीं

Posted by: Vipin Tiwari, 17 Mar 2026, 12:09 PM IST

अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) के प्रमुख ने कहा कि केवल नौसेना की तैनाती से भी होर्मुज़ जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही की गारंटी नहीं दी जा सकती।

12:09 PM(6 hours ago )

दुबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग रोकी गई

Posted by: Vipin Tiwari, 17 Mar 2026, 12:09 PM IST

सुरक्षा स्थिति को देखते हुए दुबई एयरपोर्ट पर आने वाली उड़ानों की लैंडिंग अस्थायी रूप से रोक दी गई। एयरलाइंस ने यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।

12:07 PM(6 hours ago )

भारत पहुंचेगा ऊर्जा जहाज

Posted by: Vipin Tiwari, 17 Mar 2026, 12:07 PM IST

भारत के लिए राहत की खबर है। ‘नंदा देवी’ जहाज करीब 46 हजार MT LPG लेकर कांडला पोर्ट पहुंचेगा। ‘जग लाडकी’ जहाज करीब 81 हजार टन कच्चा तेल लेकर मुंद्रा पोर्ट पहुंचेगा। इससे पहले ‘शिवालिक’ जहाज 46 हजार MT LPG लेकर मुंद्रा पहुंच चुका है।

12:06 PM(6 hours ago )

तेहरान में इज़राइल की एयरस्ट्राइक

Posted by: Vipin Tiwari, 17 Mar 2026, 12:06 PM IST

इज़राइल ने दावा किया है कि उसने तेहरान में बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। रिपोर्ट्स के अनुसार शहर के उत्तरी हिस्से में कई तेज धमाके सुने गए।

12:00 PM(6 hours ago )

बगदाद में US Embassy पर हमला

Posted by: Dilip Chaturvedi, 17 Mar 2026, 12:00 PM IST

इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास को ड्रोन और रॉकेट से निशाना बनाया गया। हमले से कुछ घंटे पहले ही दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की थी।

11:59 AM(6 hours ago )

दुबई एयरपोर्ट के पास लगी आग बुझाई गई

Posted by: Dilip Chaturvedi, 17 Mar 2026, 11:59 AM IST

दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास ईंधन टैंक में लगी आग को नागरिक सुरक्षा टीमों ने बुझा दिया है। फिलहाल वहां कूलिंग ऑपरेशन जारी है।

11:58 AM(6 hours ago )

अबू धाबी में मिसाइल मलबे से मौत

Posted by: Dilip Chaturvedi, 17 Mar 2026, 11:58 AM IST

अबू धाबी के बानी यास इलाके में एक इंटरसेप्ट की गई मिसाइल का मलबा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

11:55 AM(7 hours ago )

UAE ने शाह गैस फील्ड का ऑपरेशन रोका

Posted by: Dilip Chaturvedi, 17 Mar 2026, 11:55 AM IST

ड्रोन हमले के बाद संयुक्त अरब अमीरात ने शाह गैस फील्ड में संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।

11:55 AM(7 hours ago )

दुबई में मिसाइल अलर्ट के बाद धमाके

Posted by: Dilip Chaturvedi, 17 Mar 2026, 11:55 AM IST

दुबई में मंगलवार तड़के मिसाइल अलर्ट के बाद तीन धमाकों की आवाज सुनी गई। नागरिकों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी गई।

11:54 AM(7 hours ago )

दोहा में भी धमाकों की खबर

Posted by: Dilip Chaturvedi, 17 Mar 2026, 11:54 AM IST

कतर की राजधानी दोहा में भी कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं। क्षेत्र में ईरान के जवाबी हमले तेज होने की खबर है।

11:54 AM(7 hours ago )

वर्ल्ड कप मैच शिफ्ट करने पर बातचीत

Posted by: Dilip Chaturvedi, 17 Mar 2026, 11:54 AM IST

ईरान का फुटबॉल फेडरेशन सुरक्षा चिंताओं के कारण FIFA से अपने वर्ल्ड कप मैच अमेरिका से मेक्सिको शिफ्ट करने पर बातचीत कर रहा है।