उत्तर प्रदेश को मिली सवा लाख करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात
केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और उनके मंत्रिमण्डलीय सहयोगी नितिन गडकरी ने गुरुवार को सवा लाख करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

X
टीम डिजिटल/हरिभूमि, दिल्लीCreated On: 8 March 2019 1:16 AM GMT
केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और उनके मंत्रिमण्डलीय सहयोगी नितिन गडकरी ने गुरुवार को सवा लाख करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
सिंह और केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा के आगामी चुनाव से पहले 1.25 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें एक लाख 10 हजार 154 करोड़ रुपये से ज्यादा की 80 सड़क परियोजनाएं भी शामिल हैं।
गृह मंत्री ने इस मौके पर कहा, ‘‘आज इस ऐतिहासिक दिन पर लखनऊ पूरे उत्तर प्रदेश के लिये 'लक—नाऊ' बन गया है। दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी चाहते थे कि लखनऊ एक विश्वस्तरीय शहर बने। आज जो भी किया जा रहा है, वह उनके सपनों को पूरा करेगा।'
उन्होंने कहा, ‘‘वाजपेयी चाहते थे कि लखनऊ एक अतुल्य, खुशहाल और बेमिसाल शहर बने। वह उनकी पुण्य आत्मा को विश्वास दिलाना चाहते हैं कि लखनऊ के लोग उनके सपनों को जरूर पूरा करेंगे। यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।'
गृह मंत्री ने केन्द्रीय भूतल परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री गडकरी से आग्रह किया कि वह गुजरात की तरह गोमती में सी—प्लेन सेवा और फ्लाइंग बस सेवा शुरू करें। इस पर गडकरी ने सहमति जतायी।
गडकरी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘पिछली सरकार के जमाने में भूमि अधिग्रहण को लेकर दिक्कतें होती थीं। पहले पता नहीं चलता था कि सड़क में गड्ढे हैं, या गड्ढे में सड़क।'
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं का लोकार्पण करना बहुत संतोष देता है। इन परियोजनाओं का श्रेय उन मतदाताओं को जाता है, जिन्होंने वर्ष 2014 में भाजपा को चुना था।
गडकरी ने कहा कि पिछले साढ़े चार साल के दौरान उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों की लम्बाई दोगुना बढ़ गयी है। उन्होंने कहा कि विमान सेवाओं की तरह देश के जलमार्गों के लिये भी यातायात नियंत्रण प्रणाली लागू की जाएगी। गडकरी ने कहा कि गंगा की सफाई का 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
Next Story