यूपी निकाय चुनाव: सीएम योगी ने शुरू की तैयारियां, बनाया ये खास प्लान
साल 2012 में हुए नगर निकाय के चुनाव में राज्य में महापौर के 12 में से 10 पदों पर भाजपा ने कब्जा किया था।

X
टीम डिजिटल/हरिभूमि, दिल्लीCreated On: 30 Oct 2017 8:36 AM GMT
यूपी की सभी राजनीतिक पार्टियां अगले महीने होने वाले नगर निकाय चुनाव को बेहद गंभीरता से ले रही हैं, मगर ये चुनाव खासकर भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल हैं। पिछले चुनाव में इसी पार्टी ने अन्य दलों पर अपना वर्चस्व कायम किया था और इस बार उसके सामने इसे दोहराने की कड़ी चुनौती है।
ये हैं साल 2012 के निकाय चुनाव का परिणाम
वर्ष 2012 में हुए नगर निकाय के चुनाव में राज्य में महापौर के 12 में से 10 पदों पर भाजपा ने कब्जा किया था और नगर पालिका परिषदों तथा नगर पंचायतों में भी वह सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।
योगी की पहली चुनाव परीक्षा
भाजपा इस साल मार्च में प्रचंड बहुमत से सत्ता में आई थी। ऐसे में आगामी नगर निकाय चुनाव प्रदेश की योगी सरकार की पहली चुनावी परीक्षा होंगे। इन चुनाव को लेकर भाजपा की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खुद सीएम योगी द्वारा प्रमुख निकाय क्षेत्रों में रैलियां करने की तैयारी है।
बीजेपी नेता का दावा
इससे पहले शायद ही किसी सीएम ने निकाय चुनावों को इतनी गंभीरता से लिया है। भाजपा के प्रान्तीय महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने नगर निकाय चुनावों में एक बार फिर भाजपा की जीत का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि यह सही है कि नगर निगमों और नगर पालिकाओं के पिछले चुनाव में भाजपा का दबदबा रहा है।
सीएम, उप सीएम समेत कई नेता प्रचार के लिए उतरेंगे
लेकिन ‘एंटी इंकम्बेंसी' जैसी कोई बात नहीं है। भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों के बलबूते निकायों में फिर सरकार बनाएगी। पार्टी का प्रयास है कि योगी के साथ-साथ उप सीएम केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेता भी निकाय चुनाव प्रचार में उतरें। पार्टी राज्य सरकार की पिछले छह माह की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। अधिकांश सीटें हम जीत रहे हैं।
तीन चरणों में होंगे निकाय चुनाव
उत्तर प्रदेश के 16 नगर निगम, 198 नगर पालिका परिषद और 438 नगर पंचायत में तीन चरणों में चुनाव सम्पन्न होंगे। चुनाव का पहला चरण 22 नवम्बर को होगा। इसमें 5 नगर निगम, 71 नगर पालिका परिषद में चुनाव सम्पन्न होंगे।
दूसरा चरण 26 नवम्बर को होगा, जिसमें 26 नगर निगम और 51 पालिका परिषद में चुनाव कराए जाएंगे। 29 नवंबर को होने वाले तीसरे चरण में 26 जिलों में 5 नगर निगम और 76 नगर पालिका परिषद के चुनाव होंगे।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
Next Story