कॉलेजियम की सिफारिश को केंद्र ने दूसरी बार लौटाया, दोनों उम्मीदवारों के खिलाफ कई शिकायतें
केंद्र सरकार ने कहा है कि दोनों उम्मीदवारों के खिलाफ कई शिकायतें हैं, लेकिन कॉलेजियम ने इन्हें मामुली बताया है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट में दो वकीलों को जज नियुक्त करने के लिए कॉलेजियम की सिफारिश को केंद्र ने दूसरी बार लौटा दिया। कॉलेजियम ने सुप्रीम कोर्ट के दिवंगत जज सागिर अहमद के बेटे मोहम्मद मंसूर और बशारत अली खान के नाम केंद्र को भेजे थे।
दोनों हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकील हैं। यह मामला पिछले ढाई साल से लंबित था। केंद्र सरकार ने कहा है कि दोनों उम्मीदवारों के खिलाफ कई शिकायतें हैं, लेकिन कॉलेजियम ने इन्हें मामुली बताया है।
कॉलेजियम के 5 जजों में शामिल जस्टिस जे. चेलमेश्वर शुक्रवार को रिटायर हो गए। अब सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम में किसी नए सदस्य को शामिल करेगा। माना जा रहा है कि इसके बाद जजों के पद पर नियुक्ति के लिए नए नामों पर विचार किया जा सकता है।
इसके अलावा केंद्र ने जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट जज के लिए वकील नाजिर अहमद बेग की नियुक्ति की सिफारिश को भी नामंजूर कर दिया।
जबकि, तीन अन्य वकीलों वसीम सादिक नारगल, सिंधू शर्मा और राशिद अली डार की नियुक्तियों को आगे बढ़ाया। केंद्र ने बेग का नाम लौटाए जाने की वजह नहीं बताई है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App