''मुलायम को सौंपे कुर्सी, नहीं तो बनाएंगे नई पार्टी''
शिवपाल ने आरोप लगाया था कि सपा में बार-बार उनका और मुलायम का अपमान किया गया।

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि वह 5 तक मुलायम को पार्टी सौंपे दें नहीं तो आगामी 6 जुलाई को वह समाजवादी सेक्युलर मोर्चे का गठन करेंगे।
इस मोर्चे का उद्देश्य सपा को सही रास्ते पर लाना है। शिवपाल ने कहा कि लखनऊ में सम्मेलन बुलाकर इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव इस मोर्चे के अध्यक्ष होंगे, जबकि वह खुद इसके संयोजक होंगे।
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा कोई राजनीतिक दल नहीं होगा। सपा की कमियों को दूर करना इसका उद्देश्य होगा। शिवपाल ने कहा कि सपा के उपेक्षित लोगों को इस मोर्चे से जोड़ा जाएगा। दूसरी पार्टियों से भी बात की जाएगी।
इस साल एक जनवरी को अखिलेश यादव के सपा का अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी में हाशिए पर पहुंचे शिवपाल ने कहा कि नेता जी (मुलायम) के बिना कोई समाजवाद नहीं चल सकता।
‘गोमती रिवर फ्रंट’ गड़बड़ी नहीं
मालूम हो कि शिवपाल ने पिछले महीने ही समाजवादी सेक्युलर मोर्चे के गठन का एेलान किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सपा में बार-बार उनका और मुलायम का अपमान किया गया।
पूर्ववर्ती सपा सरकार में लोक निर्माण मंत्री रह चुके शिवपाल ने जांच के घेरे में आई परियोजना ‘गोमती रिवर फ्रंट’ का जिक्र करते हुए कहा कि जब तक वह मंत्री रहे, तब तक इस परियोजना में कोई गड़बड़ी नहीं हुई। उसके बाद क्या हुआ, वह नहीं जानते।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App