लखनऊ: कर्नाटक में आयोजित 'ट्रांसपोर्ट प्रीमियर लीग-3' (TPL-3) में उत्तर प्रदेश राज्य की परिवहन विभाग क्रिकेट टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे देश का ध्यान खींचा है। ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ मोटर व्हीकल टेक्निकल ऑफिसर एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय राष्ट्रीय टूर्नामेंट में यूपी की टीम उप-विजेता रही।
10 से 12 अप्रैल 2026 तक चले इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्रिकेट के माध्यम से जन सामान्य को सड़क सुरक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना था। उत्तर प्रदेश परिवहन आयुक्त महोदया के आदेशानुसार टीम ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और फाइनल तक का सफर तय कर विभाग का मान बढ़ाया।
12 राज्यों के बीच कड़ी टक्कर: फाइनल में पहुँची यूपी की टीम
इस भव्य आयोजन में भारत के 12 प्रमुख राज्यों की परिवहन विभाग टीमों ने शिरकत की। प्रतियोगिता में केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा, बिहार, गुजरात, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की टीमों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला।
उत्तर प्रदेश की टीम ने असाधारण खेल भावना दिखाते हुए लगातार लीग मैच, क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। खिताबी मुकाबले में यूपी का सामना महाराष्ट्र से हुआ, जहाँ कड़े संघर्ष के बाद उत्तर प्रदेश उप-विजेता के रूप में उभरा।
टीम का नेतृत्व और खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश की टीम का नेतृत्व अनुभवी अधिकारियों के हाथों में था। टीम की कमान उप परिवहन आयुक्त श्री रामवृक्ष सोनकर (कप्तान) ने संभाली, जबकि संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) लखनऊ श्री संजय तिवारी उप-कप्तान की भूमिका में रहे। टीम प्रबंधन का जिम्मा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बदायूं श्री हरिओम और बिजनौर के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री शिव शंकर सिंह बखूबी निभाया।
टीम में रविकांत यादव, रामबाबू, विकास कुमार, पवन सोनकर, कृष्ण कुमार, कौशल कुमार, अशोक कुमार, चरन सिंह, प्रमोद गौतम, देवेंद्र शुक्ला, अनुभव, शुभम मिश्रा और बृजेश जैसे खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से जीत में अहम योगदान दिया।
सम्मान और पुरस्कारों की बौछार
शानदार प्रदर्शन के बाद उप-विजेता रही उत्तर प्रदेश की टीम को भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। टीम को ऑल इंडिया फेडरेशन, कर्नाटक मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर संघ, कर्नाटक के माननीय परिवहन मंत्री और परिवहन आयुक्त, एवं महाराष्ट्र के उप परिवहन आयुक्त द्वारा ट्रॉफी, मोमेंटो, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
साथ ही, उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) सेवा संघ को पुरस्कार स्वरूप 70 हजार रुपये का चेक भी प्रदान किया गया। इस जीत ने न केवल विभाग का गौरव बढ़ाया है, बल्कि सड़क सुरक्षा के मिशन को भी नई ऊर्जा दी है।