बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार 70 यात्रियों में से 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लोनी कटरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत माइलस्टोन 46 के पास एक निजी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

चश्मदीदों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी और वह अचानक डिवाइडर से टकराकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 70 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुच गई और राहत कार्य शुरू किया।

बस पलटने के कारण अंदर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस हादसे में कुल 11 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं।

घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद कुछ की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।

बस में सवार अधिकांश यात्री दिल्ली से बिहार के सीतामढ़ी और मधुबनी जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि हादसा ड्राइवर को नींद की झपकी आने की वजह से हुआ होगा। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अक्सर तड़के के समय तेज रफ्तार और थकान के कारण ऐसे हादसे सामने आते हैं।

यात्रियों ने बताया कि बस चालक काफी समय से तेज गति में गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है, जो मौके से फरार है।

एक्सप्रेसवे के बीचों-बीच बस पलटने के कारण लखनऊ से आजमगढ़ की ओर जाने वाली लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। यूपीडा की टीम ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे करवाया, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारू हो सका।

मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है ताकि वे अपने गंतव्य तक पहुंचे सकें।