मुख्तार अंसारी के के शूटर शोएब किदवई उर्फ बॉबी की हत्या कर दी गई। शोएब का नाम 1999 के जेलर हत्याकांड जैसे गंभीर मामलों से जुड़ा था।

बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी और शूटर शोएब किदवई उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी।

वारदात थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत असैनी मोड़ के पास हुई, जहाँ पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

​लखनऊ से लौटते समय हुआ हमला

​बताया जा रहा है कि पेशे से अधिवक्ता शोएब उर्फ बॉबी लखनऊ से अपनी कार से बाराबंकी की ओर आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार असैनी मोड़ ब्रिज के ऊपर पहुँची, बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

गोली लगने से शोएब गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस उन्हें तत्काल अस्पताल ले गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

​जेलर हत्याकांड से रहा है गहरा नाता

​शोएब बॉबी का नाम उत्तर प्रदेश के चर्चित जेलर रमाकांत तिवारी हत्याकांड में सामने आया था। 4 फरवरी 1999 को लखनऊ में जेलर की राजभवन के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में बाहुबली मुख्तार अंसारी और कई अन्य लोग नामजद हुए थे।

​पुलिस महकमे में हड़कंप और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

​वारदात की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है और आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुँच रहे हैं। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।