मध्यप्रदेश। नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान एमपी सरकार के मंत्री प्रहलाद पटेल भी मौजूद रहे। मीटिंग की तस्वीरें साझा करते हुए मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि, भावांतर योजना में सरसो की खरीद स्वीकृत कर दी गई है।
तुअर की शत-प्रतिशत खरीद
सरसों के अलावा तुअर(अरहर) को खरीद पर भी चर्चा हुई। तीनों नेताओं की बीच हुई बैठक के बाद यह जानकारी भी सामने आई है कि, केंद्रीय मंत्री शिवराज ने तुअर की शत-प्रतिशत खरीद सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए उन्होंने अपना स्वीकृति पत्र भी भेज दिया है।
शिवराज सिंह चौहान ने क्या बताया
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर किए एक पोस्ट में लिखा, 'आज नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट हुई। इस दौरान मध्यप्रदेश में कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों तथा योजनाओं के विस्तार पर सार्थक चर्चा हुई। बैठक में सरसों किसानों के हित को देखते हुए हमने भावांतर भुगतान योजना के तहत सरसों की खरीद की स्वीकृति दी है। साथ ही तुअर (अरहर) की शत-प्रतिशत खरीद सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। जिसका स्वीकृति-पत्र भी सौंपा।'