कलयुगी बेटे ने जमीन के लालच में अपहरण की साजिश रची। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है, जिसमें कई युवक दिख रहे हैं।

हरियाणा के नूंह से रूह कंपा देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें दिन-दिहाड़े एक बुजुर्ग का अपहरण होते देखा जा सकता है। तहसील परिसर के पास हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। हैरानी की बात यह है कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि पीड़ित का अपना छोटा बेटा ही निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है।

मिनटों में वारदात को दिया अंजाम
यह घटना नूंह के पुनहाना तहसील रोड की है। शाह चोखा गांव के निवासी इस्माइल 26 फरवरी को अपने बड़े बेटे नवाब के साथ जमीन से संबंधित किसी दस्तावेजी काम के लिए तहसील आए थे। काम निपटाने के बाद इस्माइल सड़क किनारे खड़े थे, तभी अचानक दो सफेद स्कॉर्पियो गाड़ियां वहां आकर रुकीं। गाड़ियों से करीब 20-25 युवक नीचे उतरे और बुजुर्ग को चारों तरफ से घेर लिया।
आसपास खड़े लोग जब तक कुछ समझ पाते, हमलावरों ने बुजुर्ग को जबरन घसीटते हुए गाड़ी के अंदर धकेल दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह भीड़भाड़ वाले इलाके में बिना किसी डर के बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

गाड़ी के भीतर बर्बरता और मारपीट 
पीड़ित के बड़े बेटे नवाब ने पुलिस को बताया कि अपहरण के बाद आरोपियों ने उसके पिता के साथ गाड़ी के अंदर जमकर मारपीट की। जब बुजुर्ग ने विरोध करने की कोशिश की, तो उनके साथ क्रूर व्यवहार किया गया। नवाब का आरोप है कि इस साजिश में उसके छोटे भाई जलालुद्दीन उर्फ कालिया के साथ उसके ससुराल वाले भी शामिल थे। मारपीट करने के कुछ समय बाद आरोपी बुजुर्ग को वापस तहसील के पास ही छोड़कर भाग निकले। 

जमीन का विवाद और बेदखली का डर बनी वजह  
पुलिस पूछताछ में इस अपहरण के पीछे की चौंकाने वाली वजह सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी बेटे जलालुद्दीन ने बताया कि उसे शक था कि उसका पिता और बड़ा भाई मिलकर उसे पैतृक संपत्ति से बेदखल करने की योजना बना रहे हैं। वह इसी बात से नाराज था कि पिता उसे बिना बताए जमीन के कागजात लेकर तहसील पहुंचे थे। उसे डर था कि कहीं उसे घर और जमीन से पूरी तरह बाहर न कर दिया जाए, जिसके चलते उसने अपने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ मिलकर इस किडनैपिंग की योजना बनाई।

पुलिस ने कार्रवाई कर गिरफ्तार किया 
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुनहाना शहर थाना पुलिस ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी बेटे जलालुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। 
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि हमने पीड़ित के बड़े बेटे की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और बाकी 20-22 युवकों की पहचान की जा रही है जो दो गाड़ियों में आए थे। जमीनी विवाद के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि सच सामने आ सके। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।