गुरुग्राम के एक गोदाम में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। यह हादसा फर्नीचर के चार गोदामों में हुआ,जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची।

साइबर सिटी के सेक्टर-89 इलाके में सोमवार को फर्नीचर के चार गोदामों में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

वेल्डिंग की चिंगारी बनी गोदामों में आग लगने का कारण
शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के समय गोदामों के पास ही एक पांचवें गोदाम का निर्माण कार्य चल रहा था। वहाँ टीन शेड डालने के लिए वेल्डिंग की जा रही थी। वेल्डिंग के दौरान निकली एक चिंगारी पास रखे सूखे फर्नीचर पर जा गिरी। ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने पलक झपकते ही विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते चार गोदामों (जैद खान, जावेद, नौशाद, जुबेर आदि के) को अपनी चपेट में ले लिया।

बगल में पेट्रोल पंप टला बड़ा हादसा
आग जहां लगी थी, उसके बिल्कुल करीब ही नायरा कंपनी का पेट्रोल और सीएनजी पंप स्थित है। आग की तीव्रता को देखते हुए फायर ब्रिगेड ने एहतियात के तौर पर पंप को तुरंत बंद करवा दिया। पंप को आग से बचाने के लिए एक फायर टेंडर को विशेष रूप से वहां तैनात किया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस 
दमकल अधिकारी विपिन के अनुसार, गोदामों में पुराना और नया फर्नीचर भरा हुआ था, जिसके कारण आग बुझाने में काफी समय लगा। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर यातायात को डायवर्ट किया और अब नुकसान का आकलन करने के साथ-साथ गोदाम मालिकों से पूछताछ कर रही है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।