परीक्षा में फेल होने के कारण काफी परेशान और निराश थी, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। बुधवार शाम जब सीबीएसई ने 10वीं के नतीजे घोषित किए, तो छात्रा का रिजल्ट उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।

महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में सीबीएसई (CBSE) 10वीं बोर्ड के परीक्षा परिणामों के बाद एक 16 वर्षीय छात्रा ने मानसिक तनाव में आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि परीक्षा में असफल होने के कारण छात्रा काफी परेशान थी, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। 

इन विषयों में रही असफल 
मृतक छात्रा की पहचान कोजिंदा गांव की निवासी के रूप में हुई है। वह नारनौल के गांव सुराना स्थित आरपीएस (RPS) पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा थी। बुधवार शाम जब सीबीएसई ने 10वीं के नतीजे घोषित किए, तो छात्रा का परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। वह गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों में उत्तीर्ण नहीं हो पाई थी।

घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया 
ग्रामीणों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को रिजल्ट आने के बाद घर का माहौल सामान्य था। परिजनों ने बेटी को किसी भी तरह का उलाहना नहीं दिया और न ही उसे डांटा। लेकिन अंदर ही अंदर वह अपनी असफलता को स्वीकार नहीं कर पा रही थी। गुरुवार सुबह उसने घर में रखा कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। 

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम 
जैसे ही परिजनों को छात्रा द्वारा जहर खाने का पता चला, वे उसे तुरंत नारनौल के नागरिक अस्पताल लेकर भागे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जयपुर जा रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, रास्ते में ही छात्रा ने अंतिम सांस ली। 

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा 
छात्रा की मृत्यु के बाद परिजन शव लेकर वापस नारनौल अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। नारनौल शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद गांव कोजिंदा और स्कूल परिसर में शोक की लहर दौड़ गई है।