कैथल में महिला तांत्रिक ने परिवार को सर्वनाश का डर दिखाकर जमीन और FD तुड़वाकर पैसे ऐंठे फिर बलि के नाम पर परिवार के सदस्यों का इंजेक्शन से खून निकालकर मंदिर में भी चढ़वाया। बता दें कि पीड़ित अमनदीप के पिता सुखबीर सिंह की लंबी समय से बीमारी का फायदा उठाकर यह कांड किया गया है।

Kaithal woman's tantrik scam: हरियाणा के कैथल जिले से अंधविश्वास और ठगी का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ बुढ़ाखेड़ा गांव की एक महिला तांत्रिक ने एक ही परिवार को सर्वनाश का डर दिखाकर ₹1.07 करोड़ की चपत लगा दी। इतना ही नहीं, तांत्रिक महिला ने बलि के नाम पर परिवार के सदस्यों का इंजेक्शन से खून निकालकर मंदिर में भी चढ़वाया।

जादू-टोना करने का हवाला देकर रची साज़िश
पीड़ित अमनदीप ने बताया कि उनके पिता सुखबीर सिंह लंबे समय से बीमार थे। इसी का फायदा उठाकर गांव की ही सुमन नाम की महिला ने उन्हें झांसे में लिया। सुमन ने दावा किया कि परिवार पर किसी ने भारी जादू-टोना कर रखा है, जिसे खत्म करने के लिए काली माता और बाबा भैरों नाथ का मंदिर बनवाना होगा।

चांदी और सोने के जेवर भी महिला ने हड़पे
महिला के डर और झांसे में आकर परिवार ने अपनी जमीन बेच दी और बैंक की FD भी तुड़वा दी। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने आरोपी महिला को ₹76 लाख नकद और ₹7 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके अलावा, करीब 32 तोले चांदी और 6 तोले सोने के जेवरात भी महिला ने हड़प लिए।

खूनी तंत्र-विद्या और फर्जी मंदिर के जरिए की ठगी
हैरानी की बात यह है कि आरोपी महिला ने परिवार को चामुंडा देवी धाम ले जाकर इंजेक्शन से उनका खून निकाला और मंदिर में चढ़ाया। ठगे गए पैसों से महिला ने खुद के लिए जमीन और नया ट्रैक्टर खरीद लिया, जबकि पीड़ित परिवार को मंदिर बनाने के नाम पर गुमराह करती रही।

पति ,बेटा और एक अन्य साथी मिलकर चलाते गरोह 
ग्रामीणों का आरोप है कि सुमन का पति बलराज, बेटा वंश और एक अन्य साथी मिलकर गिरोह चलाते हैं। इन्होंने अब तक करीब 100 लोगों से 4 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी की है। फिलहाल, सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।