हरियाणा के फतेहाबाद जिले से सरकारी कर्मचारियों पर हमले का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बिजली निगम की टीम जब अवैध बिजली कनेक्शनों की जांच करने कुम्हारिया गांव पहुंची, तो ग्रामीणों ने उनके साथ न केवल बदसलूकी की, बल्कि जेई (JE) और एएलएम (ALM) के साथ जमकर मारपीट भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीण कर्मियों का गला पकड़कर उन्हें थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं।
चेकिंग के दौरान ग्रामीणों ने घेरा
बिजली निगम के बड़ोपल सब डिविजन की टीम मंगलवार को कुम्हारिया गांव के पास ढाणियों में बिजली चोरी रोकने के लिए छापेमारी करने गई थी। टीम का नेतृत्व जेई रतन सिंह कर रहे थे। गांव के बाहरी हिस्से में जैसे ही टीम पहुंची, उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति खंभे पर कुंडी डालकर अवैध रूप से केबल चला रहा था। टीम को देखते ही उस व्यक्ति ने आनन-फानन में केबल उतारना शुरू कर दिया। जब विभाग के कर्मचारियों ने इस पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग करनी चाही, तो वहां मौजूद युवक उग्र हो गए।
हाथापाई कर मोबाइल छीना, वीडियो मिटाने की कोशिश
जेई रतन सिंह ने बताया कि गांव की दो ढाणियों में सीधे खंभे से तार डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। जब टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो विक्रम गुर्जर और आजाद गुर्जर नामक युवकों ने अपने 10-12 साथियों के साथ मिलकर टीम पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने असिस्टेंट लाइनमैन (ALM) रवि कुमार का गला पकड़ लिया और उन्हें कई थप्पड़ जड़े। बीच-बचाव करने आए ड्राइवर महेंद्र के साथ भी मारपीट की गई।
सरकारी काम में बाधा डालते हुए आरोपियों ने कर्मचारियों के दो मोबाइल फोन छीन लिए। उन्होंने मोबाइल में रिकॉर्ड किए गए छापेमारी के वीडियो फुटेज डिलीट कर दिए और सबूत मिटाने के उद्देश्य से फोन को जमीन पर पटक कर तोड़ दिया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने विभाग की गाड़ी की चाबी भी निकाल ली, जिससे कर्मचारी वहां से भाग न सकें।
वीडियो में कैद बदसलूकी की तस्वीरें
घटना का एक करीब दो मिनट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि टीम के सदस्य जैसे ही ढाणी के पास पहुंचते हैं, एक युवक बिजली के खंभे से तार हटाकर छत पर फेंक देता है। जैसे ही कर्मचारी गाड़ी से नीचे उतरते हैं, युवक गाली-गलौज कर एएलएम का कॉलर पकड़ लेते हैं। वीडियो में जेई यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि झगड़े में कुछ नहीं रखा है, लेकिन हमलावर लगातार मारपीट करते रहे। बड़ी मशक्कत के बाद टीम के सदस्य खुद को बचाकर वहां से निकल पाए।
थाना प्रभारी बोले- बिना बताए जाएंगे तो ऐसा ही होगा
इस गंभीर मामले में पुलिस का रवैया बेहद हैरान करने वाला रहा। फतेहाबाद सदर थाना के एसएचओ (SHO) प्रहलाद सिंह ने घटना पर संज्ञान लेने के बजाय विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस को सूचित किए बिना विभाग की टीम इस तरह जाकर पंगे लेगी, तो ऐसा हो सकता है। उन्होंने मारपीट की बात से इनकार कर इसे केवल रास्ता रोकना बताया। फिलहाल पुलिस ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की है और मामले की जांच जारी होने की बात कही जा रही है।
विभाग ने दर्ज कराई शिकायत
बिजली निगम के अधिकारियों ने इस घटना की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों (SDO) को दे दी है। विभाग की ओर से पुलिस में लिखित शिकायत दी गई है, जिसमें सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, कर्मचारियों से मारपीट करने और सरकारी संपत्ति (मोबाइल) को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।