हरियाणा में 'नारी शक्ति वंदन' की गूंज: महिला आरक्षण बिल के समर्थन में हरियाणा के विभिन्न जिलों में उत्साह का माहौल है। भिवानी, तोशाम और रोहतक में आयोजित भव्य कार्यक्रमों और पद यात्राओं के जरिए महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस ऐतिहासिक कदम का स्वागत किया। कार्यक्रमों में हजारों की संख्या में पहुंची मातृशक्ति ने एकजुटता दिखाते हुए इसे महिला सशक्तिकरण के नए युग की शुरुआत बताया।
महिलाओं को मिलेगा 33 प्रतिशत आरक्षण
देश की 50 प्रतिशत आबादी को अधिनियम से नेतृत्व मिलेगा। विधानसभा व लोकसभा में मातृ शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। भिवानी के तोशाम में प्रदेश की सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी के नेतृत्व में विशाल चेतना रैली निकाली गई। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान चलाया गया और विभिन्न क्षेत्रों में नाम रोशन करने वाली प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
तोशाम में दिखा अभूतपूर्व उत्साह
तोशाम में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं की इतनी भारी भीड़ उमड़ी कि आयोजन स्थल छोटा पड़ गया। तिकोना पार्क से चौधरी सुरेन्द्र सिंह की प्रतिमा तक पैदल मार्च निकाला गया।
विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं की भूमिका
मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि यह अधिनियम केवल कानून नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को निर्णय लेने की प्रक्रिया में समान भागीदारी देने वाला कदम है। उन्होंने कहा, "दुनिया के कई विकसित देशों में भी ऐसा आरक्षण नहीं है। अब महिलाएं विधानसभा और लोकसभा में देश की नीतियां बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगी।"
पीएम मोदी का किया आभार प्रकट
उन्होंने ड्रोन दीदी, लखपति दीदी और 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का आधार पहले ही तैयार कर दिया था।
श्रुति चौधरी ने किया विपक्ष पर हमला
श्रुति चौधरी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस महिला विरोधी है। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि सांसद रहने और सर्वे में ऊपर होने के बावजूद कांग्रेस ने उनकी टिकट काटी थी, जबकि भाजपा ने उन्हें सम्मान और सरकार में उचित स्थान दिया।
रोहतक में अंबेडकर भवन से छोटूराम पार्क तक गूंजे नारे
रोहतक में भी "नारी शक्ति वंदन पद यात्रा" का भव्य आयोजन किया गया। यह यात्रा अंबेडकर भवन से शुरू होकर सोनीपत स्टैंड होते हुए छोटूराम पार्क तक पहुंची।
- शुभारंभ: प्रदेश संगठन महामंत्री फनिंद्रनाथ शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीति में सशक्त भागीदारी देगा।
- जन भागीदारी: यात्रा में पार्षद मुक्ता नागपाल और डिंपल जैन सहित सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। पूरे रास्ते "नारी शक्ति जिंदाबाद" के नारों से माहौल गूंजता रहा।
- जागरूकता संदेश: महिलाओं ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि जब राजनीति में उनकी भागीदारी बढ़ेगी, तो महिलाओं से जुड़े मुद्दे और भी मजबूती से उठाए जा सकेंगे।
समाज के समग्र विकास को मिलेगी गति
इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना था। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि पंचायतों और स्थानीय निकायों के बाद अब उच्च सदनों में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से समाज का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।