Delhi NCR Weather: मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर में शुक्रवार और शनिवार को तेज हवा के साथ-साथ बारिश के भी आसार हैं। पढ़िए पूरी खबर...

Delhi NCR Weather: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, तेज हवा के साथ-साथ बारिश होने के भी उम्मीद है। आज सुबह से ही सूरज  के दर्शन नहीं  हुए हैं। धूल भरी आंधी ने भी मौसम का मिजाज बदल दिया। आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को हल्की बारिश हो सकती है। शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हवाएं 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। तीन और चार अप्रैल को हवाओं की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। दिल्ली एनसीआर में मौसम का यह मिजाज लगभग 8 अप्रैल तक चल चलने की उम्मीद है।

तापमान में बदलाव की उम्मीद

गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.1 डिग्री ज्यादा था। हवा में नमी 89 से 33 प्रतिशत तक रही। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद दो से चार डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री रहने की उम्मीद है।

नया पश्चिमी विक्षोभ  

मौसम विभाग के मुताबिक, सात अप्रैल से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है। इसका असर दिल्ली एनसीआर के मौसम पर भी पड़ेगा। इस दौरान हल्की बारिश और तेज हवाएं फिर से चल सकती हैं।