Dhirendra Sastri: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन तरुण नाम के युवक हत्या को लेकर धीरेंद्र शास्त्री का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से हिंदुओं को शिक्षा लेने की जरूरत है।

Dhirendra Sastri: दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन एक मामूली बात पर एक 26 साल के युवक तरुण कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। विवाद 6 साल की बच्ची के द्वारा फेंके गए गुब्बारे को लेकर हुआ था क्योंकि गुब्बारे का पानी दूसरे समुदाय की महिला के ऊपर गिरा था। अब इस मामले को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही बना रहा तो देश का एक भी हिंदू सुरक्षित नहीं बचेगा। उन्होंने आगे कहा कि जो उस बालक के साथ हुआ है वहीं हाल प्रत्येक हिंदू का होगा। मीडिया से बात करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदुओं के एकजुट होने की बात कही।

हर हिंदू के साथ होगा...

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि तरुण के बारे में सुनकर और पढ़कर यही लगा कि उनकी भीड़ आती है और मारकर चली जाती है। उन्होंने आगे कहा कि हिंदू सहता रहता है और मरता रहता है। यह जो हिंदू अनेकता में बटा हुआ है। जातियों में बटा हुआ है। यह सब इसी का बुरा असर है। धीरेंद्र शास्त्री ने आगे कहा कि यह सब अगर ऐसा ही बना रहा तो इस देश का एक भी हिंदू सुरक्षित नहीं बचेगा, जो हाल उस बालक का हुआ है वही प्रत्येक हिंदू के साथ होगा।

धीरेंद्र शास्त्री की अपील

इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हमारी भगवान और समस्त हिंदुओं से प्रार्थना है कि अब समय आ गया है एकता का, अब समय आ गया है जातियों से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद और सनातन धर्म के लिए समर्पित होने का। उन्होंने कहा कि समस्त हिंदुओं को इस घटना से शिक्षा लेनी चाहिए। यदि हम लोग बटे रहेंगे तो मरते रहेंगे कटते रहेंगे और यदि हम एक रहेंगे तो न कोई हमें छू पाएगा, न मार पाएगा।