CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बंगाल में इस बार बड़ा बदलाव होने जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में इस बार कमल खिलेगा।

CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव का दिन नजदीक आ रहा है, उनका विश्वास और मजबूत हो रहा है कि बंगाल की जनता इस बार बदलाव के मूड में है। रेखा गुप्ता का कहना है कि पिछले कई वर्षों से राज्य के लोग डर और भय के माहौल में जी रहे हैं। अब जनता मन बना चुकी है और वह एक नई शुरुआत की उम्मीद कर रही है।

रेखा गुप्ता ने भरोसा जताया कि इस बार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद जो नया सवेरा आएगा, वह राज्य के लिए एक नए युग की शुरुआत करेगा। इस नए युग में हर नागरिक को सम्मान, सुरक्षा और विकास मिलेगा। भविष्य का बंगाल भयमुक्त और विकास पर आधारित शासन की ओर बढ़ेगा।

रेखा गुप्ता ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा है। महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद कई लोग खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं। रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार आ रही हैं। इसके अलावा उन्होंने रोजगार की कमी, किसानों की खराब स्थिति और युवाओं के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि जनता अब बदलाव चाहती है।

इस मौके पर रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में भी बात की। टीएमसी द्वारा पीएम मोदी के एक साधारण दुकान से झालमुरी खाने को पब्लिक स्टंट बताए जाने पर उन्होंने पलटवार किया। रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ऐसे नेता हैं जो देश के हर वर्ग से जुड़े हुए हैं। चाहे मजदूर हो, किसान हो या आम आदमी, वे सभी के साथ सहजता से जुड़ते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नेता के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है।