Delhi Atal Canteen: दिल्ली की अटल कैंटीन की टाइमिंग को लेकर जरूरी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि जिन झुग्गी बस्तियों के पास अटल कैंटीन खुली हैं, वहां रहने वाले लोग और मजदूरों ने अटल कैंटीन में भोजन वितरण टाइमिंग में बदलाव की मांग उठाई है। उनकी मांग को ध्यान में रखते हुए DUSIB (दिल्ली अर्बन इंप्रूवमेंट बोर्ड) की ओर से योजना बनाई गई है।
DUSIB की योजना के तहत ऐसा कहा जा रहा है कि भोजन वितरण टाइमिंग सुबह साढ़े 10 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे, और रात के भोजन का समय शाम 6 बजे से रात साढ़े 9 बजे तक किया जा सकता है। इसे लेकर विभाग की ओर से दिल्ली सरकार से मंजूरी मांगी गई है।
मौजूदा समय में अटल कैंटीनों में भोजन वितरण टाइमिंग सुबह साढ़े 11 बजे से शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक मिलता है। रात्रि भोजन शाम 6 बजे से लेकर रात 9 बजे तक दिया जाता है। इसके साथ ही टोकन जनरेशन के समय चेहरे की पहचान का डेटा भी लाइफटाइम के बजाय 3 महीने तक ही स्टोर कर रखा जाएगा। सुबह खाना बांटने के वक्त आधा घंटे पहले करने और रात में टाइमिंग आधा घंटा बढ़ाने का प्लान बनाया गया है।
100 अटल कैंटीन खोलने का लक्ष्य
DUSIB अधिकारियों का कहना है कि हर कैंटीन में सुबह 500 और रात 500 थाली भोजन वितरण स्कीम को शुरू किया गया था। सरकार ने 100 अटल कैंटीन खोलने का लक्ष्य रखा है, जिसमें अब तक 74 अटल कैंटीन खोली गई हैं। बता दें कि 5 अटल कैंटीन को बनाने का काम किया जा रहा है, लेकिन 18 अटल कैंटीन खोलने के लिए एजेंसियों को टेंडर अवॉर्ड दिए जा चुके हैं।
समय में क्यों होगा बदलाव ?
ऐसा भी सामने आया है कि अब तक जितनी भी अटल कैंटीन ओपन हुई हैं, उनमें से किसी में भी भी सुबह-शाम स्वीकृत संख्या के बराबर भोजन नहीं मिल पा रहा है। जिसकी मुख्य वजह भोजन वितरण की टाइमिंग बताई गई है। इसलिए सुबह भोजन देने का समय आधा घंटा पहले और रात में टाइमिंग आधे घंटे ज्यादा करने का प्लान बनाया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली सरकार में अर्बन डिवेलपमेंट मंत्री आशीष सूद अटल कैंटीनों में भोजन देने की प्रक्रिया को लेकर विभाग के अफसरों के साथ कई बार बैठक कर चुके हैं। मंत्री ने अफसरों से कहा है कि इन संभावनाओं को भी अध्ययन किया जाए कि अटल कैंटीनों में लोगों को फ्री भोजन कैसे दिया जाए? विभाग या सरकार वेंडरों को रसोई और भोजन वितरण स्थल रेंट फ्री करे, तो भोजन वितरण फ्री में हो सकता है।