Logo
Sanjay Singh: भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली से विधायक उमंग बजाज पर AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पार्टी के पार्षद के साथ मारपीट का आरोप लगाया है।

Sanjay Singh: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी के राजिंदर नगर विधायक उमंग बजाज पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उमंग बजाज से जुड़े कुछ लोगों ने पार्टी के एक पार्षद और कार्यकर्ता पर हमला किया। यह घटना दिल्ली के पश्चिमी हिस्से में राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में हुई। संजय सिंह ने मांग की कि पुलिस इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज करे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे।

 AAP का दावा

संजय सिंह के अनुसार, यह घटना बुधवार को हुई जब AAP की पार्षद ज्योति गौतम अपनी वार्ड में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने गई थीं। उनके साथ पार्टी कार्यकर्ता संजय भैरवा भी थे। आरोप है कि बीजेपी विधायक उमंग बजाज से जुड़े कुछ व्यक्तियों ने कार्यकर्ता पर हमला किया और पार्षद के साथ भी दुर्व्यवहार किया। हमले में कार्यकर्ता घायल हुआ और चोटें आईं, जिनका मेडिकल डॉक्यूमेंटेशन भी कराया गया है।

कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए

आम आदमी पार्टी ने इस घटना को लेकर बीजेपी पर दिल्ली की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि बीजेपी विधायकों की देखरेख में ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जो लोकतंत्र के लिए खतरा हैं। संजय सिंह ने कहा कि पार्षद ज्योति गौतम ने बाद में पुलिस थाने जाकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस पूरे मामले पर बीजेपी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। संजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं राजनीतिक प्रतिशोध की वजह से हो रही हैं और दिल्ली में शांति बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

5379487