सूरजपुर में कृषि विकास अधिकारी सोहन लाल भगत को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते ACB ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया, अधिकारी ने प्रार्थी को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी थी।

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कृषि विकास अधिकारी तथा बीज निरीक्षक सोहन लाल भगत को ACB की टीम ने 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी ने प्रार्थी को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 3 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी।

कैसे शुरू हुई रिश्वत की मांग?
शिकायतकर्ता अजीत कुमार कश्यप सूरजपुर जिले के प्रतापपुर का निवासी है और हैदराबाद की बीज कंपनी भव्या सीड्स में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत है। सीजन की बिक्री के बाद बचे बीजों को कंपनी में वापस भेजने हेतु अजीत ने उन्हें कोल्ड स्टोरेज में रखा था। 

इसकी जानकारी कृषि विकास अधिकारी सोहन लाल भगत को लगी। इसके बाद अधिकारी ने अजीत को अवैध बीज भंडारण का मामला बनाकर कार्रवाई करने की धमकी दी और इससे बचने के लिए 3 लाख रुपए की रिश्वत की मांग रखी।

ACB ने बिछाया जाल, 1 लाख लेते ही धर दबोचा
अजीत कुमार ने यह बात ACB को बताई। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। तय की गई पहली किस्त के रूप में जैसे ही सोहन लाल भगत ने 1 लाख रुपए स्वीकार किए, टीम ने तुरंत उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से रिश्वत की राशि और संबंधित सामग्री बरामद की गई।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)