अनिल उपाध्याय- सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सीतापुर में देर रात नेशनल हाइवे-43 में ग्राम गुतुरमा स्थित उड़िया होटल के पास कार ने बाइक सवार को ठोकर मार दी। इस घटना में ग्राम लीचिरमा निवासी बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों समेत ग्रामीणों ने देर तक नेशनल हाईवे जाम कर दिया। जिसके काफी देर बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सड़क दुर्घटना में मृत युवक के शव के साथ 12 घंटे तक नेशनल हाईवे जाम करने वाले ग्रामीणों ने आखिरकार समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया। घटना के अगले दिन लगभग 12 बजे मौके पर पहुँचे पूर्व मंत्री अमरजीत भगत एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ढिल्लो, तहसीलदार रुपाली मेश्राम समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधियों द्वारा काफी मान मनौव्वल एवं समझाइश के बाद मृतक के परिजन-ग्रामीण माने और चक्काजाम समाप्त किया।
विधायक ने भेजे अपने प्रतिनिधि
इस घटना के बाद चुनावी दौरे पर पश्चिम बंगाल गए विधायक रामकुमार टोप्पो ने देर रात प्रशासन और पुलिस के उच्चाधिकारियों से संपर्क साधा और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद देने की बात कही थी। इस दुःखद घटना के बाद विधायक ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मौके पर अपने प्रतिनिधि भी भेजे ताकि पीड़ित परिवार को जरूरत के अनुसार सहयोग किया जा सके।
जैसे-तैसे शांत हुए मृतक के परिजन और ग्रामीण
चक्काजाम के दौरान प्रशासन की ओर से मौके पर मौजूद तहसीलदार रुपाली मेश्राम ने पीड़ित परिजनों को शासन द्वारा दी जाने वाली तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किया। जिसके बाद पुलिस परिजन के साथ शव लेकर हॉस्पिटल पहुँची। जहाँ पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। चक्काजाम समाप्त होते ही पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली और नेशनल हाईवे पर आवागमन बहाल कराया।
पीड़ित परिवार को दिया गया 25 हजार मुआवजा
इस संबंध में तहसीलदार रुपाली मेश्राम ने बताया कि, तात्कालिक सहायता राशि के रूप में पीड़ित परिवार को 25 हजार मुआवजे के रूप में दी गई है। इसके अलावा शासन स्तर से जो सहायता राशि दी जाती है। वो भी औपचारिकता पूरी करने के बाद पीड़ित परिवार को दिया जाएगा। इस दौरान काफी संख्या में आसपास क्षेत्र के ग्रामीण जनप्रतिनिधि पंच सरपंच एवं पुलिस बल मौके पर मौजूद थी।
कार सवारों को देर रात अपने साथ थाने ले गई पुलिस
देर रात कार की ठोकर से युवक की मौत के बाद मौके पर पहुँची पुलिस कार में सवार एक पुरुष एक महिला समेत नाबालिग को अपने साथ थाने ले गई।प्रत्यक्षदर्शियों के बताए अनुसार कार में नाबालिग समेत दो पुरुष और एक महिला सवार थे।इसके अलावा कार में शराब की शीशी सिगरेट समेत आपत्तिजनक सामग्री पाई गई है।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
जिसे देखने के बाद प्रत्यक्षदर्शियों के कहना है कि नाबालिग को छोड़ बाकी सभी नशे में धुत होकर और कार में ही मौज मस्ती कर रहे थे। इसी बीच कार सवार युवक को सामने देख कार चालक असंतुलित हो गया और बाइक को ठोकर मार दी। जिसकी वजह से युवक की मौत हो गई और माता पिता ने हमेशा के लिए अपना जवान बेटा खो दिया। इस हादसे के बाद माता पिता समेत घरवालों का रो रोकर बुरा हाल है।