श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। छत्तीसगढ़ के राजिम में राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने बुधवार को राजिम शहर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित राजीव लोचन महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित उचित मूल्य की राशन दुकान पर अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़ी अनियमितताएँ सामने आईं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
अध्यक्ष शर्मा जब दुकान पहुंचे तो सबसे पहले व्यवस्था का जायजा लिया। जांच के दौरान पाया गया कि दुकान में क्यूआर कोड तक प्रदर्शित नहीं किया गया था और न ही निरीक्षण पंजी उपलब्ध थी। इसके बाद जब स्टॉक का मिलान कराया गया तो गंभीर गड़बड़ी सामने आई।
जांच में 127 क्विंटल चावल स्टॉक से कम पाया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 5 लाख 45 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा एपीएल श्रेणी के तहत 8 क्विंटल 70 किलोग्राम चावल का स्टॉक होना चाहिए था, लेकिन वह भी दुकान में उपलब्ध नहीं मिला। इतनी बड़ी मात्रा में चावल की कमी पाए जाने पर राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल खाद्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कार्रवाई से राजिम क्षेत्र में मचा हड़कंप
अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि, सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी गरीबों के अधिकारों से खिलवाड़ है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्टॉक की विस्तृत जांच कर पूरी जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए। अचानक हुई इस कार्रवाई से राजिम क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि, यदि इसी तरह नियमित निरीक्षण होते रहें तो राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और जरूरतमंदों को उनका हक मिल सकेगा।
कार्रवाई के साथ-साथ की जा सकती है आर्थिक वसूली
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित समूह और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ आर्थिक वसूली भी की जा सकती है। निरीक्षण के दौरान राशन दुकान के टेबल 45 हितग्राहियों का कार्ड भी पाया गया। बताया गया कि, ये संबंधित कार्ड धारी राशन के लिए अपना कार्ड यही छोड़कर चले गए है। जबकि वास्तविकता यह है, ऐसे लोग राशन नही लेते है बदले नकद राशि ले जाते है और यह चांवल ब्लेक में मार्केट में बेच दी जाती है।
निरीक्षण में सामने आईं अनियमितताएं
खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने हरिभूमि से चर्चा करते हुए बताया कि, वे अचानक इस राशन दुकान पर अपनी गाड़ी रोककर जब अंदर निरीक्षण किया तो ये अनियमिता सामने आई। जिसके बाद उन्होंने कड़ी कार्रवाई करने निर्देश दिया है। श्री शर्मा ने कहा कि, वे कभी भी किसी भी सरकारी राशन दुकान में छापामारी कर सकते है जहां भी अनियमितता पाई जाएगी सख्त कार्रवाई की जाएगी।