श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। छत्तीसगढ़ के राजिम क्षेत्र के ग्राम बेलटूकरी में अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।
विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण
इसमें 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन एवं 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित टीन शेड का भूमिपूजन और साहू समाज भवन का लोकार्पण कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों को जनहित में समर्पित किया गया।समारोह की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में साहू समाज के जिलाध्यक्ष प्रवीण साहू, जिला पंचायत सभापति नंदनी ओंकार साहू एवं सरपंच पुराणिक साहू उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने पुरानी स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि, साहू समाज भवन का यह स्वरूप आज हमारे संकल्पों की सिद्धि है। मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि, मेरे कार्यकाल के दौरान स्वीकृत किया गया यह भवन आज पूर्ण होकर समाज और ग्रामीणों के काम आ रहा है। पुलिया निर्माण से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या दूर होगी। हमारा लक्ष्य सदैव अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना रहा है और यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।
जनपद अध्यक्ष ने विधायक रोहित साहू का जताया आभार
जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू ने क्षेत्र के विकास में विधायक के योगदान को रेखांकित किया और कहा कि, ग्राम बेलटूकरी के सर्वांगीण विकास के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। आज जिन कार्यों का भूमिपूजन हुआ है, वे ग्राम की अधोसंरचना को मजबूती देंगे। मैं इस मंच से राजिम विधायक रोहित साहू का विशेष आभार व्यक्त करती हूँ, जिनके सतत सहयोग और मार्गदर्शन से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है। उनके प्रयासों से ही जनहित की योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।
जिला पंचायत ने इन मुद्दों पर दिया जोर
जिला पंचायत सभापति नंदनी साहू ने सामाजिक एकता और विकास पर जोर देते हुए कहा कि, समाज की प्रगति तभी संभव है। जब हमारे पास बेहतर सुविधाएं और एकजुटता हो। साहू समाज भवन हमारे सामाजिक विमर्श का केंद्र है। 10 लाख की पुलिया और टीन शेड निर्माण से यहां के जनजीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। हम भविष्य में भी गाँव की हर छोटी-बड़ी समस्या के निराकरण के लिए तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर अन्य अतिथियों ने भी समाज को संबोधित किया। कार्यक्रम में साहू समाज के वरिष्ठ जन, ग्राम के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सरपंच पुराणिक साहू ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए ग्राम विकास में मिल रहे सहयोग की सराहना की।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)