रायपुर में भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। शहर में प्याऊ, कूलिंग शेल्टर शुरू किए गए, वहीं कई जिलों में येलो अलर्ट जारी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सभी विभागों को तत्काल प्रभाव से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। वहीं मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज–चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना व्यक्त की है।

जिला प्रशासन हाई अलर्ट मोड में
भीषण गर्मी के बीच रायपुर में आम जनता को राहत देने प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन में प्याऊ की व्यवस्था
भीड़भाड़ वाले बाजारों में पेयजल केंद्र सक्रिय
शहर के प्रमुख स्थानों पर कूलिंग शेल्टर तैयार
हीट स्ट्रोक रोकने स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि, किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग चौकन्ने रहें और राहत सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें।

स्वास्थ्य विभाग की विशेष तैयारियां
लू और हीट स्ट्रोक के मामलों से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है। सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में ORS, जरूरी दवाओं और IV फ्लूड का स्टॉक बढ़ाया गया और अस्पतालों में इमरजेंसी व्यवस्था को मजबूत किया गया, डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को हीट स्ट्रोक से निपटने विशेष निर्देश।

मौसम विभाग का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आगामी दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार प्रदेश के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, जिसके चलते कुछ क्षेत्रों में गरज–चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है। पूर्वानुमान के अनुसार तापमान में मामूली गिरावट भी देखी जा सकती है, जिससे गर्मी के तीखे प्रभाव में थोड़ी राहत मिल सकती है। 

इन जिलों में जारी अलर्ट 
जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर, सक्ती और राजनांदगांव समेत कई इलाके शामिल हैं। मौसम विभाग ने लोगों को तेज धूप और लू के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है और सतर्क रहने के लिए कहा है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)