खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की महिला मलखंभ टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 80.15 अंकों के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर मलखंभ में अपना दबदबा साबित किया है। प्रथम दिन पुरुष टीम की जीत के बाद दूसरे दिन महिला टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक छत्तीसगढ़ के नाम किया। देशभर से आई टीमों को पछाड़ते हुए छत्तीसगढ़ ने 80.15 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।

छत्तीसगढ़ की महिलाओं ने मलखंभ में किया कमाल
महिला वर्ग में छत्तीसगढ़ की टीम ने उत्कृष्ट संतुलन और तकनीक का प्रदर्शन किया। महाराष्ट्र की टीम 69.90 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि झारखंड ने 30.50 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। मैदान में मौजूद दर्शकों ने छत्तीसगढ़ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर जोरदार तालियां बिताईं।

प्रतियोगिता के निर्णायकों का योगदान
मलखंभ प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए देशभर के 35 अनुभवी निर्णायक शामिल हुए। गुजरात, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, मध्यप्रदेश और असम से पहुंचे निर्णायकों ने प्रतियोगिता को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित किया। इन निर्णायकों में राहुल चौकसी, संगीता चौकसी, डॉ. अजय झा, सुजीत शरद शेडगे, आशीष मेहता, एन. जयचंद्रन, प्रमोद सिकोरिया, स्वदेश आचार्य सहित अनेक विशेषज्ञ शामिल रहे।

खेल संचालनालय सरगुजा की महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता के सफल संचालन में खेल संचालनालय सरगुजा की टीम ने दिन–रात मेहनत की। रामकुमार सिंह, विकास सिंह, सहायक क्रीड़ा अधिकारी प्रमेंद्र सिंह, आनंद धर दीवान, डॉ. प्रमोद यादव, सुश्री आयुषी दीवान और अन्य सदस्यों ने तैयारी से लेकर आयोजन तक हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया।

छत्तीसगढ़ मलखंभ का लगातार स्वर्णिम सफर
मलखंभ खेल में छत्तीसगढ़ कई वर्षों से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। राष्ट्रीय खेलों, खेलो इंडिया और बीच गेम्स में भी राज्य की टीम दोनों वर्गों में विजेता रही है। इस बार भी छत्तीसगढ़ की टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए राज्य का मान बढ़ाया।

नेताओं और पदाधिकारियों ने दी बधाई
प्रतियोगिता की सफलता पर केंद्रीय शहरी आवास राज्य मंत्री तोखन साहू, खेल मंत्री अरुण साव, विधायक सुशांत शुक्ला, खेल संचालक सुश्री तनुजा सलाम सहित मलखंभ संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। छत्तीसगढ़ मलखंभ संघ के अध्यक्ष प्रेमचंद शुक्ला ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई और टीम को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।